Varanasi: नामित पार्षदों में चमके सुधीर त्रिपाठी ‘मुन्ना’, सामाजिक सक्रियता का मिला सम्मान
नगर निगम बैठक से पहले पद एवं गोपनीयता की शपथ; जनसरोकार और संगठनात्मक कार्यों के कारण सुधीर त्रिपाठी पर खास ध्यान
वाराणसी। नगर निगम की आगामी बैठक से पूर्व रविवार को 10 नए नामित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल द्वारा मनोनीत किए गए इन पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शहर की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का खास माहौल देखने को मिला।
शपथ लेने वालों में सुधीर त्रिपाठी ‘मुन्ना’, कमलेश पाल, रमाशंकर सिंह पटेल, संजीव चौरसिया, संतोष शोलापुरकर, मनोज यादव, कृष्ण कुमार उर्फ किशन कनौजिया, अंकुर महरोत्रा, मुन्ना सरोज और सत्यनारायण साहनी शामिल रहे।
इन सभी नामित पार्षदों में प्रह्लाद घाट क्षेत्र के निवासी सुधीर त्रिपाठी ‘मुन्ना’ विशेष रूप से चर्चा में रहे। बीएचयू के पूर्व छात्र सुधीर त्रिपाठी लंबे समय से सामाजिक मुद्दों, जनहित कार्यों और जरूरतमंदों की मदद में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।
शहर में विभिन्न सामाजिक अभियानों, सेवा कार्यों, आपदा सहायता और जनसरोकार से जुड़े प्रयासों में उनकी निरंतर भागीदारी ने उन्हें स्थानीय स्तर पर एक प्रभावशाली सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है। इसी वजह से नगर निगम में उनका नामित पार्षद के रूप में चयन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संगठनात्मक तौर पर भी सुधीर त्रिपाठी का प्रभाव मजबूत रहा है। वे समय-समय पर संघ और भाजपा के विभिन्न अभियानों में भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। स्थानीय से लेकर महानगर के कई चुनावों में उनकी रणनीतिक भूमिका और जनसंपर्क की मजबूत पकड़ ने उन्हें पार्टी और जनता के बीच खास पहचान दिलाई है।
शपथ ग्रहण के अवसर पर महानगर मंत्री दिलीप साहनी, शोभित भारद्वाज, राहुल मिश्रा ‘चिंटू’, रिंकू सिंह, आनंद श्रीवास्तव, पंचदेव सिंह, चंद्रकांत त्रिपाठी, श्रीनिवास त्रिपाठी समेत कई कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पार्षदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।