Varanasi News: चोलापुर में गोमती नदी में नहाते समय डूबे दो मासूम बच्चे, NDRF और गोताखोरों की तलाश जारी
सुल्तानीपुर गांव स्थित अपने ननिहाल आए थे दोनों मासूम, मौके पर मची चीख-पुकार
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। थाना क्षेत्र की दानगंज चौकी अंतर्गत कैथोर (भदवा) गांव के समीप गोमती नदी के ककरहा घाट पर नहाते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद से ही मौके पर कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई है और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
नहाने गए थे दर्जनभर बच्चे, दो डूबे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनदास पुर ग्राम के पास स्थित ककरहा घाट पर एक ही गांव के लगभग दर्जनभर किशोर गोमती नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय अचानक कई बच्चे गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों और अन्य साथियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चे नदी के तेज बहाव में लापता हो गए।
लापता बच्चों का विवरण:
-
अयान (उम्र 10 वर्ष): पुत्र यूनुस, निवासी- लेढूपुर।
-
जीशान (उम्र 10 वर्ष): पुत्र आरिफ, निवासी- कौवापुर, चौबेपुर।
ननिहाल आए थे दोनों मासूम: डूबने वाले दोनों ममेरे-फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं, जो घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित सुल्तानीपुर गांव में अपने ननिहाल आए हुए थे। ननिहाल से ही वे अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने ककरहा घाट पहुंचे थे।
NDRF और स्थानीय गोताखोर रेस्क्यू में जुटे
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घाट पर जमा हो गई। चोलापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर सक्रिय हुई और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर बच्चों की तलाश शुरू कराई। मामले की गंभीरता और नदी की गहराई को देखते हुए प्रशासन ने एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी बुला लिया है। खबर लिखे जाने तक बच्चों का सुराग नहीं लग पाया है और सर्च ऑपरेशन तेजी से जारी है।