{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली भरत मिलाप की तैयारियों जोरों पर, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया स्थलीय निरीक्षण

सीवर ओवरफ्लो और जल निकासी दुरुस्त करने के आदेश; मार्ग प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भरत मिलाप मार्ग और मुख्य आयोजन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दूर-दराज से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और स्थानीय नागरिकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।

सफाई, फॉगिंग और प्रकाश व्यवस्था के कड़े निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए:

  • स्वच्छता और फॉगिंग: मार्ग पर उत्कृष्ट साफ-सफाई रखने, चूने व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग कराने की विशेष जिम्मेदारी प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी गई।

  • बैरिकेडिंग और मरम्मत: भारी भीड़ के सुरक्षित नियंत्रण के लिए मुख्य मार्ग व परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग लगाने, सीमेंटेड चबूतरों की रंगाई-पुताई और टूटी हुई इंटरलॉकिंग सड़कों की तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश मुख्य अभियंता सिविल को दिए गए।

  • मार्ग प्रकाश (लाइटिंग): सायंकाल के समय पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश को निर्देशित किया गया है।

पेयजल और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश

श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए:

  • पेयजल व शौचालय: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थानों पर शुद्ध पेयजल के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट (शौचालय) स्थापित किए जाएं।

  • सीवर निकासी: जलकल विभाग के महाप्रबंधक को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी सीवर चैंबर व गली पीट की सफाई समय पर हो और सीवर ओवरफ्लो या जल निकासी की किसी भी समस्या का तुरंत निस्तारण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिविल, अवर अभियंता जलकल, सफाई निरीक्षक और अवर अभियंता मार्ग प्रकाश सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।