{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: वाराणसी में मोहर्रम पर नहीं होगी किसी नई परंपरा की शुरुआत; पुलिस कमिश्नर और DM का कड़ा निर्देश

ताजिए के जुलूस में अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण रोक, मानक से अधिक न हो ऊंचाई; सोशल मीडिया और ड्रोन से रखी जाएगी पैनी नजर

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): आगामी मोहर्रम के त्योहार को वाराणसी जनपद में पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में पुलिस आयुक्त (CP) मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी (DM) सत्येंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

बैठक में शहर के विभिन्न धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियादारों और सिविल डिफेंस के सदस्यों की मौजूदगी में सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत खाका तैयार किया गया।

ताजिए की ऊंचाई मानक के अनुसार हो, पारंपरिक मार्गों से ही निकलेगा जुलूस: जिलाधिकारी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शांति समिति के सदस्यों से एक-एक कर बात की और उनकी समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि पिछले एक साल के भीतर वाराणसी के सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुए हैं, और मोहर्रम भी इसी परंपरा के तहत मनाया जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा:

  • नई परंपरा पर रोक: किसी भी हाल में किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। जुलूस केवल अपने पारंपरिक तय मार्गों से ही निकाला जाएगा।

  • हथियारों के प्रदर्शन पर पाबंदी: ताजिए के जुलूस के दौरान कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन नहीं करेगा। साथ ही डीजे (DJ) की आवाज पूरी तरह सामान्य और निर्धारित मानकों के भीतर रखनी होगी।

  • ताजिए की ऊंचाई: सभी ताजियादार यह सुनिश्चित करेंगे कि ताजिए की ऊंचाई प्रशासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही हो, ताकि रास्ते में कोई बाधा न आए।

गर्मी को देखते हुए पानी और निर्बाध बिजली के निर्देश

बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने नगर निगम और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को ताजिए वाले मार्गों पर विशेष सफाई, चूने के छिड़काव और पेयजल टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब पड़े हैंडपंपों और आरओ (RO) प्लांटों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराने को कहा। इसके साथ ही विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर कहीं भी ढीले तार या खुले बिजली के बॉक्स न हों और त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे। लोक निर्माण विभाग (PWD) को सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीक का जमाना है, अपराध करके कोई बच नहीं पाएगा: पुलिस आयुक्त

शांति समिति को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि त्योहार को इसकी गरिमा के अनुरूप ही मनाया जाना चाहिए। सीपी ने दो टूक कहा, "आज तकनीक का जमाना है, कोई भी अपराधी यह न सोचे कि वह गड़बड़ी करके बच निकलेगा। हर तरफ सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं और हमारे सुरक्षाकर्मियों के हाथों में मोबाइल कैमरे भी हैं।"

उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भ्रामक वीडियो और पोस्ट डालने के प्रति सख्त चेतावनी दी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया सेल के माध्यम से चौबीसों घंटे पैनी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी भ्रामक खबर की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या प्रशासन को दें।

बैठक में आला अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रमुख मस्जिदों के इमाम और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।