{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: वाराणसी में 9 से 11 अक्टूबर तक सजेगा राष्ट्रीय T-20 दिव्यांग क्रिकेट का महाकुंभ, सिगरा स्टेडियम में जुटेंगी 6 टीमें

9 सेकंड में 76 नारियल फोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का भी होगा प्रयास

 

भदैनी मिरर स्पोर्ट्स डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मनाए जा रहे 'सेवा संकल्प माह' के अंतर्गत उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक भव्य खेल आयोजन होने जा रहा है। आगामी 9, 10 और 11 अक्टूबर 2026 को सिगरा स्टेडियम में राष्ट्रीय T-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के संबंध में सोमवार को समिति की ओर से एक पत्रकार वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी गई।


आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य देश भर के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

बनेगा अनोखा विश्व रिकॉर्ड!


पत्रकार वार्ता के दौरान अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने एक खास आकर्षण की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बहराइच निवासी धर्मेंद्र द्वारा एक अद्वितीय प्रयास किया जाएगा। वे 9 सेकंड में 76 नारियल फोड़ने का प्रयास करेंगे, जिसे विश्व रिकॉर्ड (World Record) के रूप में दर्ज कराने की तैयारी है।


टूर्नामेंट में भाग लेंगी ये 6 टीमें


ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में कुल छह प्रमुख प्रांतीय टीमें हिस्सा ले रही हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ होंगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सभी छह टीमें 8 अक्टूबर को ही बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुँच जाएंगी।


दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की पहल

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मूल ध्येय दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से समाज में सशक्त बनाना और उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें मुख्यधारा में खेल सहभागिता का अवसर देने में बेहद मददगार साबित होते हैं।
आयोजन के दौरान क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य हस्तियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
इस पत्रकार वार्ता का सफल संयोजन बीरभद्र सिंह ने किया। इस दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य अखिलेश यादव, गौतम जायसवाल, रोशन द्विवेदी, सुबोध राय, प्रदीप राजभर, मदनमोहन वर्मा और प्रांजल अग्रहरि समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।