Varanasi News: 119 करोड़ की सीवरेज योजना में सुस्ती पर भड़के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, फर्म को दी सख्त चेतावनी
हुकुलगंज और नयी बस्ती में महज 5% काम होने पर नगर निगम सख्त; कार्यदायी संस्था को मैनपावर बढ़ाने के निर्देश
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी शहर के हुकुलगंज एवं नयी बस्ती वार्ड में चल रही ₹119.35 करोड़ की सीवरेज योजना की धीमी चाल को लेकर नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। शनिवार को वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सीवरेज निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की सुस्त गति और केवल 5 प्रतिशत भौतिक प्रगति मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था व ठेकेदार फर्म को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की अंतिम चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश जल निगम और गाजियाबाद की फर्म करा रही है काम
बता दें कि हुकुलगंज और नयी बस्ती में सीवर लाइन बिछाने का यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का ठेका गाजियाबाद की संस्था मैसर्स ईएमएस लिमिटेड (M/s EMS Limited) के पास है।
निरीक्षण के दौरान जब नगर आयुक्त ने समीक्षा की तो सामने आया कि अब तक कुल लक्ष्य के सापेक्ष केवल 350 मीटर सीवर लाइन बिछाने का काम ही पूरा हो सका है। काम की इस सुस्त चाल पर कड़ी फटकार लगाते हुए नगर आयुक्त ने फर्म के प्रतिनिधि को तत्काल मैनपावर (श्रमिकों) और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम की रफ्तार तेज करने का आदेश दिया।
लापरवाही पर होगी नियमानुसार कठोर कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कार्यदायी संस्था को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं किया गया या दिए गए निर्देशों की अवहेलना हुई, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हुकुलगंज और नयी बस्ती के हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ
इस महत्वाकांक्षी सीवरेज योजना के पूरे होने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को जलजमाव और सीवर की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिलेगी।
परियोजना के मुख्य आंकड़े:
-
कुल लागत: ₹119.35 करोड़
-
सीवर लाइन की कुल लंबाई: 38.887 किलोमीटर
-
सीवर गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन): 6,561 घर
-
सीवेज पम्पिंग स्टेशन (SPS): 01 का निर्माण
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी व जनप्रतिनिधि
औचक निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद राजेश यादव व बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता वृजेश कुमार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा, अवर अभियंता रामचन्द्र राय व अजय कुमार पासवान, और कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधि अमित कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।