{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: प्रशासन से सकारात्मक वार्ता के बाद करणी सेना ने वापस लिया फैसला

25 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे के दौरान करणी सेना की थी विरोध प्रदर्शन करने की योजना

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 25 अक्टूबर 2026 के वाराणसी आगमन को लेकर जारी तैयारियों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की ओर से प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान प्रस्तावित काला झंडा दिखाने के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद संगठन ने यह फैसला लिया है।

प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति

जानकारी के अनुसार, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा 25 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन और काला झंडा दिखाने की तैयारियों की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। प्रशासनिक अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक बुलाई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर प्रशासनिक अधिकारियों और करणी सेना के बीच सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई।

वार्ता के उपरांत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी ने दूरभाष पर स्थिति की समीक्षा की और जिलाध्यक्ष आलोक सिंह की उपस्थिति में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को स्थगित करने का निर्णय लिया।

बैठक में यह पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में आयोजित बैठक और निर्णय प्रक्रिया के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें:

  • जिलाध्यक्ष आलोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम सिंह रघुवंशी

  • रामाश्रय सिंह, शिव प्रताप सिंह, रवि कांत सिंह, विकास सिंह रघुवंशी

  • संजय सिंह सोनू, ऋषि सिंह, शशि प्रकाश सिंह, त्रिपुरारी रघुवंशी

  • विधानसभा अध्यक्ष पंकज सिंह, नीरज सिंह, अजीत सिंह, गजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सिंह भातु सहित कई अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन के साथ हुई इस सहमति के बाद अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को बड़ी राहत मिली है।