Varanasi News: सीर गोवर्धनपुर की दलित बस्ती में जर्जर बिजली के खंभों से हादसे का खतरा, डाफी उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
एक साल में घरों पर गिर चुके हैं तीन खंभे, पांच और गिरने की कगार पर; सपा नेता अमन यादव ने जेई पर लगाया बेतुका बयान देने और लापरवाही का आरोप।
भदैनी मिरर लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर (वार्ड नंबर-23) स्थित दलित बस्ती में जर्जर हो चुके बिजली के खंभों को बदलने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है। पिछले एक वर्ष से लगातार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने के विरोध में बुधवार को डाफी विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया।
घरों पर गिर चुके हैं तीन खंभे, पांच और गिरने की कगार पर
धरने का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी (बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी) के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने बताया कि बस्ती में बिजली के खंभे पूरी तरह गल चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीते एक साल के भीतर जर्जर हो चुके तीन खंभे स्थानीय लोगों के घरों पर गिर चुके हैं, जिसमें लोग बाल-बाल बचे। इसके बावजूद विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी है और आज भी बस्ती में लगभग पांच अन्य खंभे झुककर गिरने की कगार पर खड़े हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।
जेई पर लगाया गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप
अमन यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब इस जानलेवा समस्या को लेकर संबंधित जेई (JE) अरविंद सोनकर से शिकायत की जाती है, तो वे समाधान करने के बजाय उल्टा शिकायतकर्ताओं पर ही आरोप मढ़ते हैं। आरोप है कि जेई का कहना है कि "आप लोग वोट लेने के चक्कर में फर्जी शिकायत करते हैं, क्षेत्र में कोई समस्या नहीं है और आप लोग सिर्फ राजनीति करते हैं।"
स्थानीय निवासियों ने विभाग के इस रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आम जनता की जान-माल की सुरक्षा से जुड़े इतने संवेदनशील मुद्दे को राजनीति बताकर टालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
खंभे बदलने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक दलित बस्ती के सभी जर्जर बिजली के खंभों को तत्काल बदलकर नई लाइन सुचारू नहीं की जाती, तब तक डाफी उपकेंद्र पर यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
इस धरना प्रदर्शन में अमन यादव के साथ लाल बहादुर यादव, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष भईया लाल यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।