{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का संदेश लेकर वाराणसी पहुँची सीआरपीएफ की मोटर बाइक रैली

पूर्वोत्तर राज्यों के 47 जांबाज पुलिसकर्मियों का दल पुलिस लाइन में हुआ सम्मानित; कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर ने दिखाई हरी झंडी

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर राज्यों से चलकर आ रही एक विशेष अंतरराज्यीय मोटर बाइक रैली का सोमवार (19 अक्टूबर 2026) को वाराणसी के पुलिस लाइन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कमांडेंट श्री राजेश्वर एस. बालापुरकर ने रैली में शामिल जांबाज बाइकर्स का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा उनके आगे के सफर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और नशामुक्ति का संदेश

पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के 47 जांबाज पुलिसकर्मियों के चालकों से सुसज्जित यह मोटर बाइक रैली बिहार के आरा और बक्सर से होते हुए वाराणसी पहुँची है। यह रैली आगामी 31 अक्टूबर 2026 को देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मस्थली केवड़िया (गुजरात) पहुंचेगी।

स्वागत समारोह के दौरान 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट श्री राजेश्वर एस. बालापुरकर ने बताया कि इस अंतरराज्यीय बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य देश में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करना है। इसके साथ ही यह रैली युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' (नशामुक्ति समाज का निर्माण) का एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी जन-जन तक पहुँचा रही है। कमांडेंट ने सभी जवानों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित यात्रा की मंगलकामना की।

गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर के साथ-साथ द्वितीय कमान अधिकारी श्री राजेश कुमार, स्थानीय पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक (ANTF) श्री राज कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक प्रतिसार श्री रमाकांत पांडे, निरीक्षक प्रिंस सिंह, विवेक चंद्र राय समेत बड़ी संख्या में सीआरपीएफ और पुलिस के जवान उपस्थित रहे।