{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: IPL खत्म होते ही ससुराल बनारस पहुंचे तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा, बाबा विश्वनाथ का लिया आशीर्वाद; काल भैरव मंदिर में किया जप

ससुराल काशी से ईशांत का खास कनेक्शन: 'सिंह सिस्टर्स' की लाडली और पूर्व बास्केटबॉल कप्तान प्रतिमा सिंह के पति हैं ईशांत

 

भदैनी मिरर, वाराणसी:

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी और दिग्गज तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा आईपीएल (IPL 2026) का सीजन समाप्त होते ही धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी पहुंचे हैं। वाराणसी आगमन पर ईशांत शर्मा ने सबसे पहले अलौकिक गंगा घाटों का भ्रमण किया और वहां की छटा निहारी। इसके बाद उन्होंने सनातनी परंपरा के अनुसार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई और बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेकने के बाद ईशांत शर्मा काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहाँ उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बैठकर लगभग आधे घंटे तक "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का मानसिक जप किया। काल भैरव मंदिर के मुख्य पुजारी गौरव मिश्रा ने उन्हें विशेष पूजन और अनुष्ठान संपन्न कराया। काशी की महिमा पर बात करते हुए ईशांत शर्मा ने कहा कि यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा और वातावरण मन को एक अद्भुत और असीम शांति प्रदान करता है। उनका यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक और पारिवारिक बताया जा रहा है।

बनारस से है ईशांत शर्मा का बेहद खास रिश्ता

खेल जगत के गलियारों में यह बात हर कोई जानता है कि ईशांत शर्मा का वाराणसी से एक बेहद अटूट और खास रिश्ता है। ईशांत शर्मा बनारस के दामाद हैं। उन्होंने वाराणसी की रहने वाली और भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की पूर्व कप्तान प्रतिमा सिंह से विवाह किया है। प्रतिमा सिंह देश के मशहूर बास्केटबॉल घराने "सिंह सिस्टर्स" परिवार की सदस्य हैं। प्रतिमा की अन्य बहनें (प्रशांति, दिव्या, आकांक्षा और प्रियंका) भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल में भारत का गौरव बढ़ा चुकी हैं। इसी पारिवारिक जुड़ाव के कारण ईशांत शर्मा अक्सर अपनी ससुराल बनारस आते-जाते रहते हैं।

IPL 2026 में नहीं मिला मौका, बेंच पर बीता सीजन

क्रिकेट के मोर्चे पर बात करें तो इस बार का आईपीएल सीजन ईशांत शर्मा के लिए व्यक्तिगत रूप से थोड़ा निराशाजनक रहा। गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने उन्हें आईपीएल 2026 सीजन के लिए 75 लाख रुपये में रिटेन किया था। हालांकि, टीम कॉम्बिनेशन और युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने के कारण उन्हें इस सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और वह पूरे समय बेंच पर ही बैठे नजर आए।

इससे पहले आईपीएल 2025 के सीजन में ईशांत ने 7 मैचों में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 11.18 की इकोनॉमी रेट से रन देते हुए 4 विकेट अपने नाम किए थे। खेल के मैदान की इसी कशमकश से दूर, ईशांत अब बाबा की नगरी में आत्मिक शांति तलाश रहे हैं।