{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: सारनाथ के तिलमापुर में बिजली के खंभे में उतरा करंट, चपेट में आने से गाय की दर्दनाक मौत

बिजली विभाग की लापरवाही से पशुपालक परिवार के सामने खड़ा हुआ आर्थिक संकट; पीड़ित ने की मुआवजे की मांग

 

भदैनी मिरर (सिटी डेस्क): वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलमापुर गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर और असुरक्षित बिजली व्यवस्था के चलते खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित पशुपालक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

खंभे के पास जाते ही तड़पकर तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलमापुर गांव निवासी सियाराम यादव (पुत्र बेचन यादव) की गाय शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पास में ही चर रही थी। इसी दौरान वह अचानक बिजली के एक खंभे के संपर्क में आ गई। खंभे में पहले से ही तेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आकर बेजुबान जानवर ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

गाय की मौत के बाद से सियाराम यादव के परिवार में मातम और निराशा छा गई है। परिजनों का कहना है कि यह गाय उनके परिवार की जीविका और आय का मुख्य जरिया थी।

मुआवजे की मांग, उठे गंभीर सवाल

पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए। इसके साथ ही पीड़ित ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों से भी मदद की अपील की है।

इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते खंभों में करंट उतरने की समस्या को ठीक नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है।