{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दशाश्वमेध घाट पर की मां गंगा की आरती

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दशाश्वमेध घाट पर किए मां गंगा के दर्शन, भव्य आरती से हुए मंत्रमुग्ध

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी में रविवार की शाम भारतीय वायुसेना के शीर्ष नेतृत्व के लिए आध्यात्मिक और अलौकिक अनुभव लेकर आई। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह (Air Chief Marshal Amar Preet Singh) अपनी पत्नी के साथ विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पहुंचे और गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित मां गंगा की दैनिक भव्य आरती में सम्मिलित हुए।

संकल्प पूजन के बाद दिव्य आरती के बने साक्षी

आरती से पूर्व वायुसेना प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शास्त्रीय विधि-विधान के साथ मां गंगा का संकल्प पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने गंगा सेवा निधि के आचार्य द्वारा की जाने वाली भव्य आरती के दर्शन किए। इस दौरान वायुसेना प्रमुख समेत एयर मार्शल एस शिवा कुमार, एयर मार्शल के.ए.ए. संजीब, एयर मार्शल पी.वी. शिवानन्द और एयर मार्शल संदीप तनेजा भी मौजूद रहे। मां गंगा की अलौकिक आरती और मंत्रोच्चार के बीच सभी अधिकारी इस दिव्य पल से मंत्रमुग्ध नजर आए।

गंगा सेवा निधि ने किया स्वागत, विजिटर बुक में लिखा संदेश

आरती के उपरांत गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, सचिव सुरजीत कुमार सिंह और सचिव हनुमान यादव ने वायुसेना प्रमुख और अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंटकर उनका स्वागत किया।

दशाश्वमेध घाट पर लगभग एक घंटे तक रुकने के दौरान वायुसेना प्रमुख ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा—

"अद्भुत अनुभव... आप सभी को साधुवाद, मां गंगा के तट पर आकर इस अद्भुत पल के साक्षी बने।"

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

वायुसेना प्रमुख के दशाश्वमेध घाट आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां घाट से लेकर आसपास के इलाकों में पूरी तरह मुस्तैद रहीं। बड़ी संख्या में मौजूद देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने भी इस दौरान गंगा आरती का आनंद लिया।