Varanasi: लोहता अंडरपास के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत
दूल्हे की कार से टक्कर होने की आशंका; फरार कार की तलाश में जुटी पुलिस
भदैनी मिरर,वाराणसी। वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेवसीपुर के समीप रिंग रोड फेज-2 अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में खेवसीपुर गांव निवासी 23 वर्षीय चंदन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दूल्हे की कार होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर मारने वाली अज्ञात कार दूल्हे की कार बताई जा रही है, जो हादसे के तुरंत बाद तेज गति से निकल गई। मृतक चंदन पटेल, चंद्रशेखर पटेल और गीता देवी के पुत्र थे। वे दो भाइयों में छोटे थे और परिवार में उनकी एक बहन भी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां युवक का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची लोहता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के मार्गों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है।