{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: ट्रेन की चपेट में आने से नाना और 3 वर्षीय मासूम नाती की दर्दनाक मौत, लच्छापुर के पास रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा

नजर उतरवाकर लौट रहे थे नाना, ट्रैक पर ट्रेन देखकर हुए कंफ्यूज; जंसा के परमपुर का रहने वाला था मासूम राजन, परिवार में मचा कोहराम

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत लच्छापुर गांव के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। लच्छापुर गांव स्थित रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से नाना और उनके तीन वर्षीय मासूम नाती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


क्या है पूरी घटना?


जानकारी के अनुसार, लच्छापुर निवासी दुलचंद्र राजभर (48 वर्ष) मंगलवार शाम लगभग सवा छह बजे अपने 3 वर्षीय नाती राजन पुत्र जितेंद्र राजभर के साथ पास के गांव से उसकी नजर उतरवाकर पैदल घर लौट रहे थे। मूल रूप से परमपुर (थाना जंसा) निवासी मासूम राजन अपने ननिहाल लच्छापुर में ही रह रहा था।
घर लौटते समय जब नाना-नाती गांव के पास रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रैक पर ट्रेन आ गई। बताया जा रहा है कि सामने से आती ट्रेन को देखकर नाना दुलचंद्र असमंजस (कंफ्यूज) में पड़ गए और दूसरे ट्रैक पर जा पहुंचे। पलक झपकते ही दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


मां का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी


घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम राजन की मां पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय मिर्जामुराद थाना पुलिस और जीआरपी (GRP) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।