वाराणसी: सड़क पर गिट्टी-बालू गिराने वालों की अब खैर नहीं, नगर आयुक्त ने मौके पर ठोका 50 हजार का जुर्माना
वरुणापार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का बड़ा एक्शन।
वाराणसी। काशी की सड़कों पर अतिक्रमण करने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना ली है। मंगलवार को वरुणापार क्षेत्र के औचक निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया।
रास्ता बाधित किया तो जेब होगी ढीली
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त रैना विला रोड पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि सड़क पर निर्माण सामग्री (गिट्टी और बालू) खुलेआम गिराई गई है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा था, बल्कि पास की नाली भी पूरी तरह जाम हो गई थी। नगर आयुक्त ने मौके पर ही नाराजगी जाहिर की और दोषी पाए गए दो व्यक्तियों पर कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सड़क से निर्माण सामग्री तत्काल नहीं हटाई गई, तो संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई (FIR) भी सुनिश्चित की जाएगी।
नाला सफाई पर सख्त तेवर: 24 घंटे का अल्टीमेटम
इससे पहले नगर आयुक्त ने भक्ति नगर क्षेत्र में चल रही नाला सफाई का जायजा लिया। हालांकि नाला सफाई का कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन सड़क किनारे जमा सिल्ट और कूड़े को देख वे उखड़ गए। उन्होंने अधिशासी अभियंता को कड़ा निर्देश दिया कि नाला सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट 24 घंटे के भीतर हर हाल में उठा ली जानी चाहिए। नगर आयुक्त ने कहा कि गंदगी और दुर्गंध के कारण जनता को होने वाली परेशानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पर नहीं मिलेगी राहत
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या सड़क घेरने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम का यह अभियान शहर के अन्य वार्डों में भी लगातार जारी रहेगा।