{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त

चैंबरों के बाहर डॉक्टरों के स्पेशलिस्ट बोर्ड लगाने और धंसी इंटरलॉकिंग दुरुस्त करने के कड़े निर्देश; बाउंड्रीवाल से सटी दुकानों व सफाई चौकी का मांगा प्लान।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के शिवपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट में निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार को औचक स्थलीय निरीक्षण पर पहुंचे नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को परिसर की गैलरी में अंधेरा मिला और यह भी स्पष्ट नहीं था कि किस चैंबर में किस बीमारी के विशेषज्ञ डॉक्टर बैठेंगे। इस स्थिति पर सख्त नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

गैलरी में लाइट और चैंबरों के बाहर बोर्ड लगाने का आदेश

निरीक्षण के दौरान सीलिंग में लाइटिंग की व्यवस्था न देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और तुरंत पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के आदेश दिए। इसके साथ ही, मरीजों की सहूलियत के लिए सर्विलांस यूनिट के सभी चैंबरों के बाहर डॉक्टरों के नाम, बैठने के समय और उनकी विशेषज्ञता से जुड़े विस्तृत सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।

धंसी इंटरलॉकिंग और कमियों पर जताई नाराजगी

स्वास्थ्य केंद्र मार्ग के चौराहे के पास कॉर्नर पर इंटरलॉकिंग धंसी पाई गई, जिसे नगर आयुक्त ने अभियंताओं को तत्काल ठीक कराने की हिदायत दी।

ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण: दुकानों व सफाई चौकी की योजना तैयार

स्वास्थ्य केंद्र के बाद नगर आयुक्त ने शिवपुर स्थित ट्रांसफर स्टेशन परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर में मुकम्मल सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही खाली पड़ी जमीन पर सफाई चौकी और स्वास्थ्य स्टोर बनाने का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्र मार्ग की बाउंड्रीवॉल से सटी 5 से 6 दुकानें निकालने का विस्तृत प्लान बनाने को कहा।

इस निरीक्षण के दौरान वरुणापार के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, सहायक अभियंता (सिविल) और सफाई निरीक्षक समेत नगर निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।