{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने परखा कांवड़ मार्ग, टाउनहाल से विश्वनाथ मंदिर तक किया पैदल और गोल्फ कार्ट से निरीक्षण

वाराणसी: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने परखा कांवड़ मार्ग, टाउनहाल से विश्वनाथ मंदिर तक किया निरीक्षण

 

भदैनी मिरर डेस्क, वाराणसी: सावन मास मेला के दौरान शिव भक्तों और कांवड़ियों की सुगमता व सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने टाउनहाल स्थित कांवड़ आश्रय स्थल से लेकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 तक के पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहीं पैदल चलकर तो कहीं गोल्फ कार्ट के जरिए व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

आश्रय स्थल में चार्जिंग प्वाइंट और साफ-सफाई के निर्देश

निरीक्षण की शुरुआत करते हुए नगर आयुक्त ने टाउनहाल स्थित कांवड़ियों के आश्रय स्थल का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने परिसर में तत्काल मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आश्रय स्थल और उसके आस-पास के क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त रखने की हिदायत दी।

लाइट, सीवर और शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष जोर

यात्रा मार्ग का मुआयना करते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी स्ट्रीट लाइटें, सीवर व्यवस्था और सड़कें पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए ताकि रात के समय भी शिव भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मार्ग में आने वाले सभी सार्वजनिक शौचालयों में नियमित रूप से उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

इस निरीक्षण अभियान के दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल विभाग के सहायक व अवर अभियंता तथा निगम के सफाई निरीक्षक समेत कई संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।