{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: शिवपुर में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर, ICU में भर्ती; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

बेलवरिया में 29 अगस्त की रात हुआ भीषण हादसा; परिजनों का आरोप—अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रहा मरीज, पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक को छोड़ा।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवरिया में 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान शिवम शुक्ला के रूप में हुई है, जिसे सिर में गंभीर चोट, हाथ-पैर और कमर में मल्टीपल फ्रैक्चर के बाद अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, पीड़ित परिवार ने शिवपुर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

रांग साइड से आ रही स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर

घायल शिवम शुक्ला के मामा किशन दीक्षित द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, शिवम अपनी बाइक से जा रहा था, तभी UP65EE2626 नंबर की एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित रफ्तार में गलत दिशा (रांग साइड) से आई और बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और शिवम गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। परिजनों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में धुत था। उसने हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ अभद्रता की तथा खुद को ईंट-भट्ठा मालिक बताकर रोब गालिब करने का प्रयास किया।

'आईसीयू में है भांजा, पुलिस ने रात में ही आरोपी को छोड़ दिया'

पीड़ित के मामा किशन दीक्षित ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद आरोपी पक्ष और उनकी गाड़ी को थाने लाया गया था। लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष को घर भेज दिया और रात में ही आरोपी पक्ष को गाड़ी सहित छोड़ दिया।

किशन दीक्षित ने बताया:

"हमारा भांजा आईसीयू में एडमिट है, उसके घुटने, कमर, हाथ में फ्रैक्चर है और सिर में गंभीर चोट है। हम जब सुबह थाने पहुंचे तो न आरोपी था और न ही उनकी गाड़ी। मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन ठोस कार्रवाई के बजाय आरोपी को संरक्षण दिया जा रहा है।"

न्याय के लिए दर-दर भटक रहे परिजन
एक तरफ जहां घायल युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिवार न्याय पाने के लिए पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर काट रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की इस ढिलाई को लेकर नाराजगी व्याप्त है। परिजनों ने मांग की है कि आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।