वाराणसी: थार की टक्कर से उजड़ा परिवार, तेज रफ्तार का कहर, मां-बेटी की मौके पर मौत, देवर गंभीर
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव के थे मृतक मा बेटी और घायल देवर, घटना से गांव में पसरा मातम
Updated: May 11, 2026, 08:15 IST
वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र भुल्लनपुर स्थित सिक्स लेन पर रविवार की देर रात एक तेज रफ्तार थार जीप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मां और उनकी पांच वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे देवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मंडुआडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर स्थित, लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन पर रविवार की देर रात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासिनी सोनी राजभर 30 वर्ष पत्नी मनोज राजभर बेटी आराध्या उम्र 5 वर्ष अपने देवर मनीष राजभर के साथ के साथ मढ़ौली स्थित अपनी मौसी की लड़की की रिंग सेरेमनी (सगाई) में शामिल होने जा रही थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे भगाया, जिससे बाइक करीब 100 मीटर से ज्यादा घसीटता रहा। इस भयावह हादसे में मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। और देवर मनीष बुरी तरह से घायल हो गया। इस घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज, घायल युवक को तुरंत एम्बुलेंस को सहायता से (BHU) ट्रामा सेंटर भेज दिया जहां हालात गंभीर बताई जा रही है।
वही हादसे के बाद थार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मंडुवाडीह पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद रिश्तेदार मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को संभालने के लिए एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात हो गए।
मृतक महिला के एक 5 वर्षीय बेटी थी जिसकी इसी हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि महिला के पति मनोज दुबई में मजदूरी कर के परिवार का भरण पोषण करते है। इस दुखद घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।