वाराणसी: पुलिस टीम पर फायर करने वाला शातिर बदमाश अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार
नेवादा स्थित नर्मदेश्वर हॉस्पिटल के पास घेराबंदी कर दबोचा गया अभियुक्त अनिकेत; पुलिस ने साफ किया— मोहर्रम या ताजिया जुलूस से नहीं है कोई संबंध
भदैनी मिरर, वाराणसी: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के गोमती जोन अंतर्गत थाना फूलपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने सूझबूझ, अदम्य साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए पुलिस पार्टी पर फायर करने वाले एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलहे और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर नर्मदेश्वर हॉस्पिटल के पास घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (26 जून 2026) को पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) के निर्देशन में फूलपुर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम नेवादा स्थित नर्मदेश्वर हॉस्पिटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध असलहे के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
पुलिस को देखते ही दाग दी गोली, जवानों ने घेराबंदी कर दबोचा
सटीक सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उसे ललकारा, तो उसने पुलिस पार्टी पर जानलेवा नियत से सीधे फायर झोंक दिया। इस अचानक हुए हमले के बावजूद पुलिस टीम ने गजब के संयम और बहादुरी का परिचय दिया। जवानों ने खुद को बचाते हुए आवश्यक घेराबंदी की और अभियुक्त को मौके पर ही दबोच लिया।
सिंधौरा का रहने वाला है अभियुक्त, मोहर्रम से नहीं कोई संबंध
पुलिस कस्टडी में लिए जाने के बाद जब अभियुक्त की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके पास से 01 अदद अवैध पिस्टल और 03 अदद जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अनिकेत कुमार सिंह पुत्र अरुण कुमार सिंह उर्फ गामा (निवासी: ग्राम गड़खरा, थाना सिंधौरा, जनपद वाराणसी) बताया है।
पुलिस का अहम स्पष्टीकरण: सोशल मीडिया और क्षेत्र में किसी भी तरह की अफवाह को रोकने के लिए पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) कार्यालय ने साफ तौर पर स्पष्ट किया है कि इस अपराधी की गिरफ्तारी और घटना का वर्तमान में चल रहे मोहर्रम पर्व अथवा ताजिया जुलूस से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। यह विशुद्ध रूप से अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस साहसिक मुठभेड़ और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे:
-
उपनिरीक्षक अनिल कुमार (थाना फूलपुर, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी)
-
कांस्टेबल राकेश सरोज (थाना फूलपुर, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी)
-
रिक्रूट कांस्टेबल गौरव पाण्डेय (थाना फूलपुर, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी)
-
रिक्रूट कांस्टेबल अमन कुमार (थाना फूलपुर, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी)