{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी : नाबालिग बहू ने कुल्हाड़ी से मारकर कर दी थी सास की हत्या

आयेदिन प्रताड़ित करती थी सास, बहू के रूपये बेटी को दे देती थी 

 

उसके गिरवी रखे लाकेट को छुड़ाने के बाद अपनी बेटी को देने की कर रही थी बात तो हो गया झगड़ा  

विषयः सास की हत्या करने वाली बाल अपचारी बहु को थाना फूलपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया

वाराणसी, भदैनी मिरर। सास बहू की जमा धनराशि लेकर अपनी बेटी को दे देती रही और आयेदिन प्रताड़ित करती थी। इससे नाराज नाबालिग बहू ने सास की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना 25 फरवरी को हुई थी और इस मामले में फूलपुर पुलिस ने नाबालिग बहू को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर लिया है। 

पुलिस ने बताया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव चौकी  के अंतर्गत लाठिया गांव में 25 फरवरी को आशा देवी पत्नी सुभाष वनवासी का शव उनके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। शव पर चोटों के निशान पाए गये थे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाये। इसके बाद पति सुभाष वनवासी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। एसआई विनोद कुमार त्रिपाठी, सत्यजीत सिंह और उनकी टीम को जांच के दौरान मृतका की नाबालिग बहू पर शक हो गया। इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर लिया गया। 

पूछताछ में नाबालिग बहू ने बताया कि उसकी सास आशा देवी उसे प्रतिदिन प्रताड़ित करती थीं और उसकी जमा धनराशि उससे लेकर अपनी बेटी को दे देती थी। 25 फरवरी की दोपहर 12 बजे वह अपनी सास के साथ भागीरथी भट्ठे से पैदल कठिरांव आई। यहां बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से सास ने 2000 रूपये निकाले। इसके बाद दोनों कठिरांव बाजार स्थित सर्राफा दुकान पर पहुंचीं। इसी सर्राफा की दुकान पर बहू ने अपने बच्चे के इलाज के लिए शादी में मिले लाकेट को गिरवी रख दिया था। सास ने उसी लाकेट को छुड़वाने के लिए बैंक से दो हजार रूपये निकाले थे। लेकिन सेठ पांच सौ रूपये और मांग रहा था। पांच सौ रूपये न होने के कारण लाकेट नही छूट सका। इसके बाद दोनों दुकान से घर के लिए चलीं। इस दौरान बहू ने सास से कहाकि मेरा लाकेट सराफा के यहां से छुड़वा दीजिए। इस पर सास ने गुस्से में कहाकि सारी रकम पतायी तुम बेच कर खा रही हो। मैं लाकेट को छुडाने के बाद अपनी बेटी को दूंगी, इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। घर लौटने के बाद सास व बहू में विवाद बढ़ गया। इसी बीच नाबालिग बहू ने गुस्से में पास रखी कुल्हाड़ी से सास पर प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मृत्यु हो गई।