वाराणसी में ठंड की दस्तक: तापमान में गिरावट, आज से छाएगा कोहरा, पूर्वानुमान जारी
मौसम विभाग का अलर्ट — अगले कुछ दिन तक रहेगी सुबह-शाम धुंध की चादर, तापमान में होगी 2 डिग्री तक गिरावट
Nov 6, 2025, 09:06 IST
वाराणसी। बनारस में अब ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक दे दी है। बुधवार से जिले में कोहरे और धुंध का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले चार से पाँच दिनों तक सुबह और शाम को हल्का से घना कोहरा छाने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में बनारस का तापमान मंगलवार के मुकाबले थोड़ा बढ़ा जरूर, लेकिन अब हवा का रुख बदलने से ठंड का असर बढ़ने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 32.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पछुआ हवाओं के चलने से वातावरण में नमी बढ़ रही है और तापमान में गिरावट जारी है। “अब कोहरा छाने की संभावना बढ़ गई है और ठंड का असर अगले सप्ताह से और तेज महसूस होगा,” उन्होंने कहा।
पछुआ हवाएं करीब 7 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हैं, जिससे सुबह-शाम का तापमान तेजी से नीचे आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 नवंबर तक वाराणसी और आसपास के जिलों में धुंध और कोहरा छाने की पूरी संभावना है।
शहरवासियों को सलाह दी गई है कि सुबह और देर रात के समय वाहन चलाते समय हेडलाइट और फॉग लाइट का प्रयोग करें तथा बुजुर्ग और बच्चों को ठंडी हवाओं से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए।