{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: जवाहर नगर कॉलोनी के कृष्णा अपार्टमेंट में भीषण आग, 5वीं मंजिल तक फैली लपटें; एक महिला झुलसी

चेतगंज क्षेत्र के चेतमनी चौराहे के पास तीसरी मंजिल से शुरू हुई आग; डक के रास्ते ऊपर तक पहुँची लपटें, बीएचयू अस्पताल में भर्ती महिला की हालत स्थिर।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के चेतमनी चौराहे के समीप जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय संबंधित फ्लैट के मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे।

डक के रास्ते 5वीं मंजिल तक फैलीं लपटें

अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी आग बिल्डिंग के डक (Shaft) के माध्यम से चौथी मंजिल से होती हुई पांचवीं मंजिल तक जा पहुंची। आग और धुएं का गुबार फैलते ही पूरी इमारत में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर बाहर भागने लगे। इसी दौरान पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में मौजूद एक महिला आग की चपेट में आने से झुलस गईं।

एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने पर फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को भी राहत और बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

महिला बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

आग की लपटों से झुलसी महिला को पुलिस और परिजनों की मदद से तत्काल प्राथमिक चिकित्सा हेतु बीएचयू अस्पताल (सर सुंदरलाल अस्पताल/ट्रॉमा सेंटर) में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त महिला के साथ उनके पुत्र और पुत्री भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।