वाराणसी: सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका, तीन मंजिला मकान ढहा; मलबे में दबने से महिला की तलाश जारी
वाराणसी: सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्टरी में तेज धमाके से मकान ढहा; NDRF और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पचकोशी स्थित पैगंबरपुर इलाके में बृहस्पतिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पटाखा व्यापारी राजू खान का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया, जबकि बगल के मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और एटीएस (ATS) की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुट गईं।
अधिकारियों का बयान: पटाखों के कारण हुआ धमाका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब 5:00 बजे सूचना मिली थी कि दो मंजिला मकान गिर गया है। मामले पर जानकारी देते हुए प्रशासनिक अधिकारी ने बताया:
"मौके पर निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले कुछ पटाखे और गंध पाई गई है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि हाथ से बनाए जाने वाले पटाखों की वजह से ही यह धमाका हुआ और इमारत ढह गई। स्थानीय लोगों द्वारा एक महिला के मलबे में दबे होने की बात कही जा रही है, जिसको ध्यान में रखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मलबे को हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।"
मलबे में दबी महिला की तलाश, पड़ोस के घर को भी पहुंचा नुकसान
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के मकानों में रहने वाले लोग सहम गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। राजू खान के मकान के बगल में स्थित दूसरे मकान का बाहरी हिस्सा भी विस्फोट से क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे में दबे अन्य लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि राजू खान की मां की तलाश में बचाव दल सर्च ऑपरेशन चला रहा है। मकान में बारूद और पटाखों की मौजूदगी के कारण बचाव दल काफी सतर्कता बरत रहा है।
25 वर्षों से चल रहा था कारोबार, ATS भी जांच में जुटी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की टीम भी मौके पर पहुंची और बारूद के स्रोतों व विस्फोट के कारणों की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू खान करीब 25 वर्षों से इस इलाके में रह रहा था और उसका भाई सलीम भी पटाखों के कारोबार से जुड़ा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।