{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: हाईवे पर आम लदी DCM पलटी, कुल्हड़ कारोबारी पिता की मौत, बेटा गंभीर; 3 घंटे लगा रहा चक्काजाम

शिवपुर के सुद्दीपुर बाईपास पर भीषण हादसा, सड़क किनारे अवैध मिट्टी के ढेर से टकराकर पलटा वाहन, प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्दीपुर बाईपास (हनुमान मंदिर के पास) सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आम लादकर मंडी जा रही एक अनियंत्रित डीसीएम (DCM) सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे की चपेट में आने से साइकिल से कुल्हड़ की सप्लाई लेकर जा रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से दब गए। हादसे में शिवपुर हटिया निवासी 65 वर्षीय छेदी प्रजापति (स्वयं लाल प्रजापति) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 30 वर्षीय बेटा काशी प्रजापति (शोले प्रजापति) गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने लगाया 3 घंटे का चक्काजाम, एयरपोर्ट जाने वाले यात्री फंसे

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सुबह-सुबह जाम लगने के कारण स्कूली बसें और बाबतपुर एयरपोर्ट जाने वाले कई यात्री बीच रास्ते में ही फंस गए। स्थानीय पुलिस के समझाने पर भी जब परिजन नहीं माने, तो मौके पर एसीपी कैंट अपूर्वा पांडेय और एसडीएम सदर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हर संभव मदद और एक हफ्ते के भीतर सरकारी मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हो सका।

पहले बड़े बेटे की ट्रेन से कटकर हुई थी मौत, अब पिता का साया उठा

पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि महज तीन महीने पहले ही छेदी प्रजापति के बड़े बेटे बनारसी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उस हादसे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि घर के मुखिया छेदी प्रजापति भी काल के गाल में समा गए। छेदी अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर कुल्हड़ बनाने और बेचने का काम करते थे, जिससे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।

सड़क पर अवैध मिट्टी का ढेर और कटी रेलिंग बनी हादसे की वजह

घटनास्थल के निरीक्षण के बाद यह बात सामने आई कि हाईवे के किनारे किसी निर्माणकर्ता द्वारा गैरकानूनी ढंग से मिट्टी का बड़ा ढेर लगाया गया था। देर रात या तड़के अंधेरे में आम लदी तेज रफ्तार डीसीएम उस मिट्टी के ढेर और साइकिल से टकराकर अनियंत्रित हुई और पलट गई। इसके अलावा हाईवे की सुरक्षा रेलिंग को भी अवैध रूप से काटा गया था, जिसे लेकर एनएचएआई (NHAI) और स्थानीय विकास प्राधिकरण (BDA) की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस का बयान

एसीपी कैंट अपूर्वा पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को सीज कर दिया गया है। गाड़ी का नंबर पुलिस के पास है और आरटीओ (RTO) के माध्यम से वाहन मालिक व फरार चालक का विवरण निकाला जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने बताया कि पीड़ित परिवार को राहत देने के लिए तत्काल प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतक की पत्नी के लिए 'विधवा पेंशन' और अनाथ हुए बच्चों की शिक्षा के लिए सरकार की 'बाल सेवा योजना' के तहत आवेदन कराया जाएगा। इसके साथ ही दुर्घटना राहत कोष और कोर्ट (MACT) के माध्यम से भी बीमा राशि का मुआवजा दिलाया जाएगा। सड़क पर अवैध रूप से मिट्टी का ढेर लगाने वाले और बिना अनुमति हाईवे की रेलिंग काटने वाले जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।