वाराणसी: फूलपुर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
करखियाव (धनखरी) रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार शाम हुआ हादसा; गजोखर निवासी 22 वर्षीय रोशन यादव की मौके पर ही गई जान।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी जिले के पिंडरा / फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। धनखरी (करखियाव) रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
करखियाव जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव निवासी 22 वर्षीय रोशन यादव पुत्र किसी निजी काम से करखियाव की ओर जा रहे थे। शनिवार शाम लगभग 4:00 बजे जैसे ही वे धनखरी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोशन की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का बड़ा बेटा था रोशन
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत फूलपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, दो भाइयों में रोशन बड़े थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।