वाराणसी: मालवीय पुल पर हाई वोल्टेज ड्रामा, युवक ने गंगा नदी में लगाई छलांग, NDRF ने बचाई जान
राजघाट पुल के ऊपरी ढांचे पर घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, छलांग के बाद NDRF ने CPR देकर युवक को किया जीवित
वाराणसी, भदैनी मिरर
धर्मनगरी वाराणसी के राजघाट स्थित मालवीय पुल पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक पुल के ऊंचे लोहे के ढांचे पर चढ़ गया। युवक को पुल के शिखर पर देख राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घंटों चला समझाने का प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का व्यवहार असामान्य था। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घंटों तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान पुल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा।
अनहोनी की आशंका को देखते हुए NDRF की टीम ने पहले ही पुल के नीचे गंगा नदी में नाव और जवान तैनात कर दिए थे।
अचानक लगाई छलांग
काफी समझाने के बाद भी युवक नहीं माना और अचानक पुल के ऊपरी ढांचे से गंगा में छलांग लगा दी। युवक के गिरते ही नीचे तैनात NDRF टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पानी में कूदकर उसे बचा लिया।
CPR देकर बचाई जान
रेस्क्यू के बाद युवक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। NDRF के जवानों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देते हुए शरीर से पानी निकाला और CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, जिससे उसकी सांसें वापस लौट आईं।
अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पांडेय के अनुसार, युवक को तुरंत कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।
पुलिस अब युवक की पहचान करने और घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव या नशे की स्थिति से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और NDRF की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की जमकर सराहना की है।