{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी : बड़ागांव में युवक की चाकू मारकर हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

नशे के दौरान विवाद के बाद आरोपित से हुई थी मारपीट

 

दोस्त के घर से खाना खाकर लौट रहा था अश्विनी सिंह, तभी चचेरे भाइयों से पेट में घोंप दिया चाकू

वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास 26 दिसम्बर की रात मारपीट के दौरान अश्वनी सिंह उर्फ मोनल (23) की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित लवकुश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहाकि इसी ने अश्विनी सिंह पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। 

पुलिस ने बताया कि इदिलपुर गांव के रहनेवाले अर्जुन पटेल उर्फ शनि, आर्यन पटेल उर्फ ठल्लू, लवकुश पटेल उर्फ लालू और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों में आपसी विवाद के दौरान मारपीट हो गई थी। इसी दौरान अश्वनी सिंह को धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान अश्वनी सिंह की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ धारा 191(3), 103(1), 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन वैभव बांगर ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कीं।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राय, रविन्द्रनाथ दूबे और उनकी पुलिस ने इंदरखापुर चक्का सीमा से लवकुश पटेल को गिरफ्तार किया गया। लवकुश ने बताया कि भेलखा गांव स्थित सूर्या भट्टा के पास नशे के दौरान उसका और अश्वनी सिंह उर्फ मोनल से विवाद हुआ। मारपीट हो गई। इसके बाद अश्वनी अपने मित्र मोहित के घर भोजन करने चला गया। इसी बीच लवकुश ने मारपीट की सूचना अपने परिवारवालों को दी। अश्वनी अपने मित्र के घर से भोजन कर वापस लौट रहा था। तभी लवकुश अपने चाचा के लड़के अर्जुन एवं आर्यन के साथ मिलकर अश्वनी सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस इस मामले के अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपित लवकुश के खिलाफ वर्ष 2020 में मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है।