Varanasi: आधा दर्जन घाटों पर दिखी रोशनी की कमी; डार्क जोन खत्म करने के निर्देश
मानसरोवर, राजा, पांडेय व ब्रह्मा घाट समेत कई घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा; महापौर और नगर आयुक्त का निरीक्षण
भदैनी मिरर, वाराणसी। आगामी देव दीपावली पर्व को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए नगर निगम वाराणसी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट से नाव के माध्यम से नमो घाट तक गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल डार्क जोन खत्म कराने के निर्देश दिए।
इन घाटों पर मिली रोशनी की कमी, तत्काल व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मानसरोवर घाट, राजा घाट, पांडेय घाट, बलुआघाट, ब्रह्मा घाट, हनुमानगढ़ी घाट तथा मणिकर्णिका घाट के बगल वाले हिस्से में रोशनी का अभाव पाया गया। महापौर ने अधिकारियों को इन सभी स्थानों पर तुरंत समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वर्तमान में घाटों पर सजावटी लाइटिंग, झालरों और फ्लड लाइटिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
गंगापार डोमरी के मियावाकी वन में लगेंगी फ्लड लाइटें
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नमो घाट के उस पार गंगापार डोमरी क्षेत्र में, जहां मियावाकी वन विकसित किया गया है, वहां फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी घाटों पर 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' के बैनर लगाने और जागरूकता संदेश लिखवाने को भी कहा गया।
नाव से भ्रमण के दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता खुरेश चंद्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।