{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी : कज्जाकपुरा आरओबी का नया नाम होगा बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर

नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में लाया गया प्रस्ताव, मिली स्वीकृति, अगली बैठक में मिल सकती है मंजूरी

 

स्ट्रीट लाइट उपकरणों की सीधे कम्पनी से होगी खरीद, करोड़ों रूपये की होगी बचत

31 दिसम्बर तक सोलर प्लांट लगाने वालों को सम्पत्तिकर में मिलेगा 10 से 12 प्रतिशत की छूट का लाभ

वाराणसी, भदैनी मिरर। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग गई। इस बैठक में पिछली कार्यकारिणी के प्रस्तावों पर पुष्टि की गयी। पुष्टि के तहत कार्यकारिणी सदस्य अमरदेव यादव के द्वारा पिछली कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय की प्रगति की जानकारी चाही। लेकिन उन्हें पूर्ण विवरण के साथ जानकारी  नही दी जा सकी। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुये आगामी तीन दिनों में कार्यवाही से सदस्यों को अवगत कराने का निर्देश दिया।  सदस्य हनुमान प्रसाद द्वारा पार्षद कोटा के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24, 24-25 एवं 25-26 में स्ट्रीट लाईट और सीवरेज के कार्यों के संबंध में जानकारी चाही। महाप्रबन्धक जलकल एवं अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के सभी कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 का कार्य प्रगति पर है। इस पर महापौर ने 31 मार्च तक 2024- 25 के स्वीकृत कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया।  महापौर ने कहाकि किसी कार्य की दो बार निविदा प्रकाशित होने के बाद भी यदि कोई ठेकेदार निविदा में भाग नही लेता है तो उस कार्य को विभागीय रूप से मानक के अुनरूप कराया जाय, अनावश्यक विलम्ब न किया जाय।

महपौर ने शहरी सीमा में संचालित मीट मुर्गा की खुले में दुकान चलाने वालों पर कार्यवाही के निर्देश दिये। कहाकि यदि कोई दुकान बिना पर्दा के संचालित करता है तो तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाय। इसके अलावा पूर्व में लिये गये निर्णय के आधार पर सामान्य अभियन्त्रण विभाग द्वारा वार्ड स्तर पर लेबर मिस्त्री, निर्माण सामग्री रखने के सम्बन्ध में जानकारी चाही गयी। मुख्य अभियन्ता द्वारा बताया गया कि कुछ वार्डो में व्यवस्था लागू हो गयी है। शेष सभी वार्डों में शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। इस दौरान महापौर ने स्मार्ट काशी एप पर प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में जानकारी चाही। पता चला कि वर्तमान समय सभी विभागों में लगभग 2 हजार से अधिक शिकायतें लम्बित हैं। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 3 दिसम्बर तक शत प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिये। इसके साथ ही सभी पूर्व प्रस्तावों की पुष्टि की गयी।

बैठक के दौरान नगर निगम कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये

1. नगर क्षेत्र में नगर निगम द्वारा संचालित मार्ग प्रकाश विन्दुओं के रख-रखाव हेतु ईईएसएल  की अवधि अगले कुछ दिनों में समाप्त होने की स्थिति में महापौर ने निर्णय लिया कि स्ट्रीट लाइट के उपकरणों का क्रय सीधे कम्पनी से किया जायेगा। इससे प्रतिवर्ष करोड़ों रूपये की बचत होगी । इस कार्य के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही देख-रेख हेतु 15 अवर अभियन्ताओं की तैनाती का प्रस्ताव पारित किया गया।
2. जलकल विभाग, सामान्य अभियन्त्रण और आलोक विभाग में 15-15 अवर अभियन्ताओं की तैनाती का प्रस्ताव पारित किया गया। 
3. दनियालपुर में 5 बीघे में निराश्रित पशुओं को रखने व उसके इलाज हेतु गौशाला के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी।
4. कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलकर बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। महापौर ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुये अग्रिम कार्यवाही के लिए सदन की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। 
5. कूड़ा समय पर न उठने, कुत्तों बन्दरों को न पकड़ने की शिकायत पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पशु कल्याण अधिकारी को फटकार लगायी गयी। कार्य एवं आचरण में सुधार लाने के निर्देश दिये गये।
6. उपसभापति नरसिंह दास के द्वारा सीएम ग्रिड योजना के अन्तर्गत चल रहे कार्यो की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने पर प्रश्न किया गया और जुर्माना की राशि वसूले जाने की बात कही। इस पर महापौर ने मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय सहायक अभियन्ता व अवर अभियन्ता की जिम्मेदारी निर्धारित की जाय। ा सीएम ग्रिड के कार्यो की देख-रेख के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया जाय। साथ ही मानक के अनुरूप कार्य न करने वालों संस्थाओं से जुर्माना वसूला जाय।
7. पदम् अवॉर्डी के नाम से उनके गलियों, सड़कों के सौंदर्यीकरण के साथ ही उनके नाम से नामकरण करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि वह आवश्यक कार्यवाही करें। यदि उनके घर के लोगों के द्वारा अपने भवन में एक रूम दिया जाता है तो नगर निगम द्वारा उसे संरक्षित कर सौन्दर्यीकरण का कार्य करायेगा।
8. हनुमान प्रसाद द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया कि यदि कोई व्यक्ति अपने घरों पर सोलर प्लांट लगाता है तो उसे सम्पत्तिकर में छूट का प्राविधान किया जाय। इस पर निर्णय लिया गया कि 01 दिसम्बर, से 31 दिसम्बर तक यदि कोई भवन स्वामी अपने घर के छत पर सोलर प्लांट लगवा कर ग्रिड से जोड़कर अपना पेपर प्रस्तुत करता है तो एकमुश्त सम्पत्तिकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट और आनलाईन सम्पत्तिकर जमा करता है तो 12 प्रतिशत की छूट का लाभ भवन स्वामी को दिया जायेगा।
9. बैठक में प्रस्ताव आया कि बाढ़ के समय अस्सी, नगवा इत्यादि क्षेत्रों में बाढ़ का पानी नीचले स्तर पर स्थित घरों को प्रभावित करता है। यदि सामने घाट के पास बने बैराज की तरह अस्सी नाले के पास बैराज का निर्माण किया जाय तो इस क्षेत्र के लोगों को काफी राहत होगी। इस सम्बन्ध में महापौर ने मुख्य अभियन्ता को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। 
10. बैठक में जल निगम के अवर अभियन्ता से उनके अधिशासी अभियन्ता के बारे में जानकारी चाही गयी। समुचित उत्तर न देने पर अवर अभियन्ता को बैठक से बाहर किया गया। साथ ही अधिशासी अभियन्ता को बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। इसके कुछ देर बाद अधिशासी अभियन्ता बैठक में उपस्थित हुए। 
11. महापौर ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर पारित 22 अगस्त के आदेश के तहत पशु जन्म नियंत्रण लागू करने के संबंध में कमेटी गठित करने और नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिये।
12. महापौर ने पशु कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि घरों में पालतू कुत्तों के 2 हजार डाटा, विधानसभावार, वार्डवार, नाम, मोबाइल नंबर, कुत्ते के प्रकार का विवरण तैयार कर कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को दिया जाय। 
13. बैठक में शहर में एक और 100 कुत्तों के बंध्याकरण और एबीसी सेंटर में कुत्तों को रखने की व्यवस्था के लिए भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। 

धारा 91(1) के अंतर्गत प्रस्ताव

1. टाउन हाल की बाउंड्री से सटे 52 दुकानदारों को प्लाजा में आवंटन हेतु प्रस्तुत प्रस्ताव स्वीकार किया गया।
2. विभिन्न क्षेत्रों में स्थित नगर निगम की दुकानें यथा क्रमशः जवाहर बाड़ा, न्यू विजयनगरम मार्केट, कृपलानी मार्केट, गुरुनानक मार्केट, गुरुनानक एक्सटेंशन, दुलहिनजी मार्केट में बनाई गई दुकानों पर निर्धारित किराया स्वीकार किया गया।
3. अतिक्रमण गैंग हेतु 20 श्रमिकों की आपूर्ति और 10 जवान रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।
4. नगर निगम सीमांन्तर्गत पेइंग गेस्ट हाउस, होम स्टे एवं डोरमेट्री संबंधित भवनों पर 1500 वार्षिक किराया निर्धारित किया गया। 15 दिसंबर तक ऐसे सभी भवनों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
5. नर्सिंग होम, निजी अस्पताल, डेंटल क्लिनिक के दरों में आंशिक संशोधन का प्रस्ताव पारित किया गया।
6. शो टैक्स की दरों पर स्वीकृति प्रदान की गयी।

धारा 91(2) के अंतर्गत प्रस्ताव

1. जलकल विभाग में सर्वे, डिजाइन इत्यादि का कार्य करने के लिए रिटायर्ड अधिशासी अभियंता को रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।
2. नगर निगम में सोशल मीडिया कार्य के लिये किसी योग्य जानकार व्यक्ति को रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।
3. मार्गो एवं चौराहों पर खराब हाईमास्ट ठीक कराने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस पर महापौर ने तत्काल चिन्हित कर उन्हें ठीक कराने का निर्देश दिया गया। 
4. प्रस्ताव में बताया गया कि नगर के अधिकांश अस्पताल जन्म-मृत्यु की स्थिति में सिर्फ लेटर पैड पर विवरण लिख कर देते हैं। जबकि उन्हे सीआरएस पोर्टल से 21 दिन के भीतर प्रमाणपत्र देने के निर्देश हैं। इससे नागरिकों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस सम्बन्ध में महापौर ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को निर्देशित किया कि इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजा जाय।
5. कार्यकारिणी समिति के द्वारा 6 मॉडल वॉर्ड की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। अगला 10 वार्ड मॉडल वॉर्ड के रूप में चिन्हित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। 
6. 18 वार्डो में सीवर पेयजल लाइन डालने के कार्य की प्रगति के बारे जल निगम के अभियन्ता द्वारा बताया गया कि कार्य मार्च 2026 तक प्रारंभ किया जाएगा।
7. इस दौरान महापौर ने जल निगम के अधिशासी अभियन्ता को रोहनिया विधानसभा में सीवर लाइन का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए।
8. आवारा कुत्तों, बंदरों को पकड़ने पर प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। यह भी कहा गया कि संस्था यदि अच्छा कार्य नहीं कर रही है तो उसे बदला जाय।
9. हॉस्पिटल एवं स्कूलों के आसपास अवैध पार्किंग स्टैंड और अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया। 
10. हरिश्चंद्र घाट, मणिकर्णिका घाट, सराय मोहना घाटों पर अधिकतम 19 दिनों की लकड़ियों को व्यवस्थित ढंग से रखने, अतिक्रमण न होने देने के साथ ही मणिकर्णिका और हरिश्चन्द्र घाट पर मृतकों का आंकड़ा दर्ज करने के साथ विडियाग्राफी का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। 
11. जोनों के अभिलेखों का डिजिटाइजेशन कराने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस पर आगामी 3 माह में जोन कार्यालय के सभी अभिलेखों का कंप्यूटराइज्ड कराने के निर्देश दिया गया। 
12. महापौर ने निर्देशित किया कि ई-नगर सेवा पोर्टल पर आवेदन के 45 दिनों के भीतर दाखिल खारिज की कार्यवाही पूर्ण करायी जाय।
13. नगर निगम की पुरानी चुंगी चौकी पर लोगों के अवैध कब्जे को मुक्त कराने का प्रस्ताव पास हुआ। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि कुछ चौकियों के स्थान पर शेल्टर होम का निर्माण किया गया है। साथ ही अधिकांश चुंगी चौकी सड़क चौड़ीकरण जद में आने के कारण समाप्त हो गये हैं।
14. इंग्लिशिया लाइन फूलमंडी के पास नगर निगम की सम्पत्ति का आवंटन अवधि समाप्त हो गई है, जिस पर कार्यवाही का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। 

बैठक में बैठक में उपसभापति नरसिंहदास, अमरदेव यादव, प्रमोद राय, हनुमान प्रसाद, अशोक मौर्य, राजेश यादव चल्लू, सुशील कुमार गुप्ता, प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, राजकपूर चौधरी, माधुरी सिंह, सुशीला, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र, मुख्य अभियन्ता आरके सिंह, नगर स्वास्थय अधिकारी डा. एसके चौधरी, महाप्रबन्धक जलकल अनूप सिंह, जन सम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, समस्त अधिशासी अभियन्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।