वाराणसी जंक्शन: फ्री यूरिनल के पैसे वसूले तो रेलवे ने सिखाया सबक, दो टॉयलेट संचालकों पर ₹30 हजार का जुर्माना
प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 और यात्री आश्रय के टॉयलेट में ओवरचार्जिंग की मिली थी शिकायत।
वाराणसी। वाराणसी जंक्शन (कैंट) स्टेशन पर यात्रियों की जेब पर डाका डालने वाले टॉयलेट संचालकों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में संचालित शौचालयों में ओवरचार्जिंग और अवैध वसूली की शिकायतों की पुष्टि होने के बाद रेलवे ने ठेकेदारों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
फ्री यूरिनल के लिए भी लिए पैसे
मामला प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर स्थित शौचालय का है। 14 मार्च को यहाँ से गुजर रहे यात्रियों ने शिकायत की थी कि रेलवे द्वारा 'नि:शुल्क' घोषित यूरिनल (लघुशंका) सेवा के लिए भी कर्मचारी जबरन पैसे वसूल रहे हैं। इसके साथ ही शौच के लिए निर्धारित सरकारी दर से कहीं ज्यादा शुल्क वसूला जा रहा था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) ने संबंधित ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।
यात्री आश्रय में भी चल रही थी अवैध वसूली
इसी तरह की एक अन्य शिकायत यात्री आश्रय में संचालित शौचालय को लेकर मिली थी। यहाँ 8 मार्च को यात्रियों से अवैध वसूली की बात सामने आई थी। रेलवे ने इस मामले में और भी सख्त रुख दिखाते हुए ठेकेदार पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
रेलवे की अपील: शिकायत जरूर करें
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई संचालक निर्धारित दर से अधिक पैसा मांगता है या नि:शुल्क सेवाओं के लिए शुल्क लेता है, तो यात्री तुरंत रेल मदद ऐप या स्टेशन मास्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं।