{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 3.52 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन मामले में आरोपी को कोर्ट से नहीं मिली राहत, अग्रिम जमानत अर्जी खारिज

मंडुआडीह थाने में दर्ज हुआ था मुकदमा; फर्जी जीएसटी बिल और कूटरचना कर हड़पे गए थे रुपये

 

 

भदैनी मिरर, वाराणसी। वाराणसी में व्यापारी के साथ धोखाधड़ी, कूटरचना (Forgery) कर 3.52 करोड़ रुपये हड़पने के बहुचर्चित मामले में मुख्य आरोपी को बड़ा झटका लगा है। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हरहुआ (बड़ागांव) निवासी आरोपी चंद्रकांत की अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है। अदालत में इस जमानत याचिका का विरोध वादी के अधिवक्ता अनुज यादव द्वारा मजबूती से किया गया।

क्या है पूरा मामला?


प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी मुकदमा नितिन मित्तल ने वाराणसी के मंडुआडीह थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उसने अपनी फर्म के सामानों की सप्लाई और वसूली के लिए नैनी (प्रयागराज) निवासी आरोपी अरविंद केशरी को नौकरी पर रखा था।
दोषियों ने पैसे कमाने की लालच में कई दुकानदारों के नाम पर फर्जी और कूटरचित बिल तैयार किए। इन बिलों में गलत जीएसटी नंबर डालकर कम दामों में माल आरोपी चंद्रकांत गुप्ता, रंजीत सिंह, युवराज सिंह और सत्येंद्र जायसवाल के साथ मिलकर अन्य प्रतिष्ठानों (जैसे- स्वदेशी कोनिया, संजय जायसवाल ट्रेडिंग, मेसर्स बजाज नमकीन, सीताराम राधेश्याम, सोनू किराना स्टोर, राहुल किराना स्टोर चोलापुर, ओम साई ट्रेडर्स आदि) को बेच दिया।

फर्जी बिलों के जरिए किया गया 3.52 करोड़ का गबन

आरोप है कि इन सभी ने आपस में मिलीभगत कर वादी की फर्म के माल का भुगतान अपने कूटरचित बिलों पर प्राप्त किया, लेकिन फर्म के खाते में पैसे जमा करने के बजाय गबन कर लिया। इस तरह पूरी साजिश के तहत वादी मुकदमा की फर्म को कुल ₹3,52,63,000/- (तीन करोड़ बावन लाख त्रेसठ हजार रुपये) की भारी-भरकम राशि की अनुचित हानि पहुंचाई गई।
इसी गंभीर मामले में आरोपी चंद्रकांत की ओर से गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई थी, जिसे अदालत ने सुनवाई के बाद खारिज कर दिया है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।