वाराणसी : सिगरा क्षेत्र में पति ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी तो पत्नी ने भी खा लिया जहर, फैली सनसनी
सोनिया मोहल्ले की घटना, पारिवारिक कलह बना घटना का कारण
पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची, मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेजा
वाराणसी, भदैनी मिरर। सिगरा थाना क्षेत्र के सोनिय मोहल्ले में मंगलवार को दम्पती में झगड़े के बाद पति आशीष प्रजापति (35) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जबकि पति की मौत के बाद पत्नी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। परिजनों ने पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच और परिवारवालों से पूछताछ की। पुलिस ने मृत आशीष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह मामले की जांच कर रही है।
मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दम्पती में पहले भी झगड़े होते रहे लेकिन मंगलवार को यह खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। इसके बाद पति ऊपर के कमरे में पहुंचा और फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद पत्नी पहुंची तो पति की फांसी पर लटकते शव देख चीखने-चिल्लाने लगी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। अभी इस घटना से सनसनी फैली ही थी तभी पता चला कि पत्नी पूजा ने भी जहरीला पदार्थ खाकर खदुकुशी का प्रयास कर लिया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दम्पती में कई दिनों से चल रहा विवाद कलह का रूप ले चुका था। आखिरकार इस कलह ने एक की जान ले ली और दूसरी जिंदगी और मौत से अभी जूझ रही है। इस घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसर गया। लोगों का कहना है कि दम्पती में विवाद तो होते रहते हैं और उसे सुलझा लिया जाता है। लेकिन इस तरह के आत्मघाती कदम नही उठाने चाहिए थे।