वाराणसी: 'कुंडली मिलाई पर बीमारी छिपाई'... पति निकला HIV पॉजिटिव तो पत्नी ने तोड़ा रिश्ता; ससुरालियों पर FIR दर्ज
मऊ के युवक पर बीमारी छिपाने और उत्पीड़न का आरोप, मंडुवाडीह थाने में पति समेत ससुराल पक्ष पर आपराधिक मुकदमा दर्ज
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में शादी से जुड़ा एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक परिवार ने अपने एचआईवी (HIV) पीड़ित बेटे की बीमारी छिपाकर युवती से शादी करा दी। शादी के कुछ ही महीनों बाद जब पति की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई, तो विवाहिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने रिश्ता तोड़ते हुए थाने में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शादी के कुछ महीनों बाद बिगड़ी पति की तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के रहने वाले एक युवक का विवाह 2 फरवरी 2024 को वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की युवती के साथ संपन्न हुआ था। शादी के कुछ महीनों तक सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद अचानक पति की तबीयत खराब रहने लगी। परिजनों ने काफी इलाज कराया, लेकिन सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर युवक का एचआईवी टेस्ट कराया गया, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया।
कुंडली मिलाई, लेकिन मेडिकल जांच न कराने का पछतावा
पति के एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही पीड़िता और उसके मायके वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि विवाह तय करते समय उसके पिता ने लड़के की पारिवारिक स्थिति और कुंडली की पूरी जांच-पड़ताल कराई थी। हालांकि, उस समय मेडिकल जांच या एचआईवी टेस्ट नहीं कराया गया था। पीड़िता का आरोप है कि बीमारी की बात छिपाकर उसका जीवन पूरी तरह से बर्बाद कर दिया गया।
मारपीट और उत्पीड़न का भी आरोप
युवती का यह भी आरोप है कि जब उसने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। अंततः पीड़िता ने इस रिश्ते को समाप्त कर अपने मायके लौटने का फैसला किया और मंडुवाडीह पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। इस संबंध में मंडुवाडीह थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।