{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: 25 अगस्त को वाराणसी में होंगी झमाझम बारिश, कक्षा 8 तक स्कूल बंद

मौसम विभाग के रेड अलर्ट और जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने जारी किया कार्यालय आदेश; सभी बोर्डों पर समान रूप से लागू होगा नियम।

 

भदैनी मिरर न्यूज़ डेस्क: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जनपद वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा को लेकर जारी किए गए 'रेड अलर्ट' के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और आगामी मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 25 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) भूपेंद्र सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश (पत्रांक: 9098-9102/2026-27) के अनुसार, यह छुट्टी केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगी। यह आदेश निम्नलिखित सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा:

  • परिषदीय (सरकारी) प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय

  • शासन से मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय

  • सीबीएसई (CBSE), आईसीएससी (ICSE) व अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी निजी व कॉन्वेंट स्कूल

अनुपालन न करने पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधकों, संस्थाधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का शत-प्रतिशत और अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करें।

आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी वाराणसी, मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला सूचना अधिकारी और समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज दी गई है।