{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: भारी बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को लेकर बड़ा फैसला, 19 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद

जिलाधिकारी के निर्देश पर BSA ने जारी किया आदेश; परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएससी समेत सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा अवकाश

 

वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): धर्मनगरी काशी और आसपास के जनपदों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश तथा मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जनपद वाराणसी के लिए जारी 'ऑरेंज अलर्ट' (Orange Alert) और भारी वर्षा के पूर्वानुमान के दृष्टिगत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशानुसार 19 अगस्त 2026 (बुधवार) को कक्षा 1 से 8 तक के समस्त विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

सभी बोर्डों के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों पर लागू होगा आदेश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वाराणसी द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, यह आदेश जनपद के भीतर संचालित सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इसमें:

  • बेसिक शिक्षा परिषद (परिषदीय) के विद्यालय

  • शासन से मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त (Aided) विद्यालय

  • सीबीएसई (CBSE), आईसीएससी (ICSE) तथा अन्य बोर्डों से संचालित समस्त निजी व सरकारी विद्यालय शामिल हैं।

अनुपालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक जिलाधिकारी द्वारा दिए गए इस आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी विद्यालय द्वारा आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग ने वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है, जिसको देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने यह एहतियाती निर्णय लिया है।