{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: मंगलसूत्र काटने वाला शातिर हामिद उल्लाह चोर गिरफ्तार, ब्लेड से काटता था चेन

अयोध्या जा रही महिला श्रद्धालुओं को बनाया था निशाना; दिल्ली का रहने वाला है शातिर आरोपी

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय महिला श्रद्धालुओं के गहने पार करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को जीआरपी, आरपीएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने करीब 3 लाख रुपये मूल्य के दो मंगलसूत्र, दो लॉकेट और घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया है। पीड़ित महिला ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद मंगलसूत्र की शिनाख्त कर ली है।

अयोध्या दर्शन करने जा रही महिलाओं को बनाया था निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (5 अक्टूबर) को पीड़िता प्रीति देवी निवासी वाराणसी अपनी जेठानी के साथ अयोध्या धाम दर्शन के लिए कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8 पर ट्रेन में चढ़ रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से प्रीति देवी और उनकी जेठानी दोनों का मंगलसूत्र काट लिया था। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी थाना कैंट में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया था।


संयुक्त गश्त के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार (6 अक्टूबर) को जीआरपी, आरपीएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से कैंट स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से दो मंगलसूत्र और दो अन्य लॉकेट बरामद हुए।

पुलिस ने जब पीड़िता प्रीति देवी को बुलाकर आरोपी और सामान का सत्यापन करवाया, तो उन्होंने आरोपी की पहचान की और बरामद मंगलसूत्र को अपना बताया।

दिल्ली का रहने वाला है आरोपी, ब्लेड से काटता था जेवरात

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद हामिद उल्लाह निवासी दिल्ली बताया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दिल्ली से आकर ट्रेनों में चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। वह भीड़भाड़ में सीधी-साधी महिलाओं को निशाना बनाता था और ट्रेन में चढ़ते समय बेहद सफाई से ब्लेड के सहारे सोने की चेन या मंगलसूत्र काट लेता था।


जीआरपी पुलिस के अनुसार बरामद कुल जेवरातों की अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है। पीड़िता प्रीति देवी ने त्वरित कार्रवाई कर सामान बरामद करने पर वाराणसी जीआरपी और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।