{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: 2027 तक बनकर तैयार होगा हरित हवाई अड्डा

₹2,870 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट में न्यू टर्मिनल बिल्डिंग का 71% और ₹649.44 करोड़ के रनवे अंडरपास का 60% से अधिक कार्य पूरा

 

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर चल रहे मेगा विस्तारीकरण कार्यों की जमीनी हकीत परखने के लिए शुक्रवार (20 नवंबर) को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे के नीचे बन रही विशेष टनल (अंडरपास) और अन्य संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

न्यू टर्मिनल बिल्डिंग: 71% कार्य पूरा

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने एयरपोर्ट विस्तार की विभिन्न इकाइयों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2,870 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट का व्यापक विस्तारीकरण किया जा रहा है, जिसके तहत नया टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार, समानांतर टैक्सी-वे, नया एप्रन और स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं।

  • प्रगति और लक्ष्य: नई टर्मिनल बिल्डिंग का लगभग 71 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे जुलाई 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

  • विशेषताएं: नया टर्मिनल प्रतिवर्ष लगभग 99 लाख यात्रियों को सेवाएं देने में सक्षम होगा। यह आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत करेगा। वर्ष 2027 में कार्य पूरा होने के बाद इसे एक हरित हवाई अड्डे (Green Airport) के रूप में विकसित किया जाएगा।

NH-56 रनवे अंडरपास: 60% से ज्यादा काम पूरा

मंडलायुक्त ने एनएच-56 एयरपोर्ट रनवे अंडरपास परियोजना स्थल का भी दौरा कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की भौतिक प्रगति 60 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने एनएचआई के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य की गति बढ़ाने का निर्देश दिया।

मंडलायुक्त ने कहा कि यह परियोजना वाराणसी एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे और सुगम सड़क संपर्क दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण है:

  • लागत व लंबाई: लगभग 649.44 करोड़ रुपये की कुल लागत से करीब 2.89 किलोमीटर लंबा अंडरपास निर्मित किया जा रहा है।

  • क्या होगा लाभ: इसके निर्माण से एयरपोर्ट रनवे के विस्तार कार्य में कोई बाधा नहीं आएगी और रनवे के नीचे से निर्बाध सड़क संपर्क (Road Connectivity) बना रहेगा। इससे यात्रियों व आम वाहन चालकों का आवागमन अधिक सुगम होगा और सड़क यातायात व हवाई अड्डा विस्तार कार्यों के बीच किसी प्रकार का टकराव नहीं रहेगा।

अंतर-विभागीय समन्वय और नियमित निगरानी के निर्देश

मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि कार्य के दौरान आने वाली किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक रुकावट का समय रहते समाधान किया जा सके।