{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: मान मंदिर घाट पर दर्दनाक हादसा, गंगा में डूबने से ग्रेटर नोएडा के युवक की मौत

देर रात घाट किनारे टहलते समय हुआ हादसा; NDRF और जल पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी काशी के घाटों पर एक बार फिर लापरवाही और हादसे की दुखद खबर सामने आई है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात गंगा में डूबने से ग्रेटर नोएडा निवासी एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ (NDRF) और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।

अंधेरे और तेज बहाव ने छीनी बचाने की उम्मीद

मृतक की पहचान हर्षवर्धन ठाकुर (27), पुत्र संदीप सिंह, निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, हर्षवर्धन बुधवार देर रात मान मंदिर घाट पर मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक असंतुलित होकर गंगा के गहरे पानी में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात का अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके।

NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। रात में काफी खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। कई घंटों के गहन सर्च ऑपरेशन के बाद टीम ने शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों में मचा कोहराम, सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे की जानकारी जैसे ही हर्षवर्धन के परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। इस घटना ने एक बार फिर घाटों पर देर रात होने वाली सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय घाटों पर फिसलन और पर्याप्त रोशनी न होने के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।