Varanasi: दीनदासपुर स्थित CFI मॉडल स्कूल में बाल दिवस व वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन
सिंधोरा थाना प्रभारी रवि मलिक ने किया शुभारंभ; दौड़ और रिले रेस में छात्र-छात्राओं ने दिखाया शानदार खेल कौशल; विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
भदैनी मिरर शिक्षा/लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनदासपुर (ओदार) स्थित सीएफआई (CFI) मॉडल स्कूल में शनिवार को 'बाल दिवस' एवं 'वार्षिक खेल दिवस' का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस भव्य खेल महोत्सव के दौरान पूरा स्कूल परिसर बच्चों की चहल-पहल, तालियों की गड़गड़ाहट और खेल भावना के रंग में रंगा नजर आया।
"पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन के लिए बेहद जरूरी" — थाना प्रभारी रवि मलिक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी सिंधोरा रवि मलिक उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत दीप प्रज्वलित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि खेलकूद से बच्चों के भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन के लिए उतना ही आवश्यक है।
दौड़ और रिले रेस में बच्चों ने दिखाया दमखम
समारोह के दौरान विद्यालय के खेल मैदान में दौड़, रिले रेस सहित कई रोचक और रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हें-मुन्ने बच्चों से लेकर सीनियर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान के चारों ओर मौजूद दर्शकों और अभिभावकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
बता दें कि वर्ष 2014 में स्थापित CFI मॉडल स्कूल सीबीएसई (CBSE) बोर्ड से 10+2 तक मान्यता प्राप्त संस्थान है, जहां नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। स्थापना वर्ष से ही विद्यालय में हर साल बाल दिवस पर इस तरह के रचनात्मक और खेल आयोजनों की परंपरा रही है।
विजेता बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक जॉर्ज मंगेशकर ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों और सभी बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर प्रबंधक जॉर्ज मंगेशकर, प्रिंसिपल अंशुला मंगेशकर, प्रिंस राव, संतोष वर्मा, ज्योत्सना पांडे, रानू सिंह, अखिलेश पांडेय, अक्षय कुमार सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।