वाराणसी: पांडेयपुर में झाड़फूंक के नाम पर ठगी, साधु के वेश में आए जालसाज ने हड़पी ₹60 हजार की सोने की अंगूठी
चाय पीने के बहाने घर पहुंचा कथित साधु; पहले मोती की अंगूठी लौटाकर जीता विश्वास, फिर सोने की अंगूठी मांगकर बोला- "पेट काटकर निकाल लो"
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क। वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर में साधु के वेश में आए एक शातिर ठग ने झाड़फूंक और ढोंग-पाखंड का जाल बिछाकर एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। शातिर जालसाज ने पहले पीड़ित का विश्वास जीता और फिर लगभग 60 हजार रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया।
अंगूठी वापस मांगने पर आरोपी ने पीड़ित को जो जवाब दिया, उससे वह दंग रह गया। पीड़ित ने मामले में लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चाय पीने के बहाने घर में घुसा था ठग
पांडेयपुर निवासी पीड़ित श्याम कुमार सिंह के अनुसार, यह घटना 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:10 बजे की है। उनका मकान दुकान के ऊपर स्थित है। उसी समय साधु के वेश में एक व्यक्ति उनके पास आया और चाय-पानी पिलाने का अनुरोध किया। पीड़ित ने सहृदयता दिखाते हुए अपने परिवार के एक सदस्य को ऊपर जाकर चाय बनाने को कहा।
इसी दौरान चालाक ठग ने मौका देखकर परिवार के सदस्य को वापस ऊपर भेज दिया और पीड़ित श्याम कुमार सिंह से अकेले में बात करने लगा।
पहले जीता विश्वास, फिर सोने की अंगूठी लेकर हुआ फुर्र
आरोपी ने झाड़फूंक करने का नाटक करते हुए सबसे पहले पीड़ित से उनकी मोती की अंगूठी मांगी। कुछ देर बाद उसने वह अंगूठी सुरक्षित वापस लौटा दी, जिससे पीड़ित को उसकी सच्चाई पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद कथित साधु ने पीड़ित से उनकी सोने की अंगूठी (वजन लगभग 4 ग्राम, कीमत करीब ₹60,000) मांगी। भरोसा कर पीड़ित ने जैसे ही अंगूठी दी, आरोपी की नीयत बदल गई।
"अंगूठी खा गया, पेट काटकर ले लो"
जब श्याम कुमार सिंह ने अपनी सोने की अंगूठी वापस मांगी, तो ठग ने बेखौफ अंदाज में कहा— "अंगूठी खा गया हूँ, अगर लेना चाहते हो तो पेट काटकर निकाल लो।" इतना कहते ही वह तेजी से मौके से चंपत हो गया।
पीड़ित ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन शातिर ठग का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस के सामने पहचान और बरामदगी की चुनौती
घटना के बाद पीड़ित ने लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई और लिखित शिकायत दी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर कथित साधु की पहचान करने और चोरी हुई अंगूठी बरामद करने के प्रयास में जुट गई है।