{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: सारनाथ में दबंगई, नशे में धुत युवकों ने ट्रैफिक सिपाही संग की मारपीट, चार गिरफ्तार, बुलेट सीज

बीच सड़क झगड़ा कर रहे युवकों को रोकना सिपाही को पड़ा भारी

 

वाराणसी (सारनाथ) : धर्मनगरी के सारनाथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है। चन्द्रा चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात एक यातायात सिपाही के साथ शराब के नशे में धुत चार युवकों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ मारपीट कर वर्दी तक फाड़ दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।


क्या है पूरा मामला?

रविवार की रात यातायात सिपाही नितेश कुमार चन्द्रा चौराहे पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अर्दली बाजार निवासी वैभव सिंह, बसही निवासी शशांक सिंह, सरसौली निवासी प्रिंस पटेल और भोजूबीर निवासी अभि पटेल एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे। नशे की हालत में होने के कारण उनकी बाइक एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल से टकरा गई।

टक्कर के बाद युवक सड़क पर ही विवाद करने लगे, जिससे चौराहे पर लंबा जाम लग गया। जब सिपाही नितेश कुमार जाम हटवाने और बीच-बचाव करने पहुंचे, तो युवक उनसे उलझ गए।

अधिवक्ता बताकर किनारे ले गया, फिर किया हमला

सिपाही नितेश कुमार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक ने खुद को अधिवक्ता (वकील) बताया और सिपाही को बातचीत के बहाने एक तरफ ले गया। इसी बीच उसके अन्य साथी दूसरे बाइक सवार को पीटने लगे। जब सिपाही उस व्यक्ति को बचाने दौड़े, तो चारों आरोपियों ने मिलकर सिपाही पर हमला बोल दिया। इस छीना-झपटी और मारपीट में सिपाही की वर्दी भी फट गई।

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को दबोच लिया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के पास मौजूद बुलेट मोटरसाइकिल (अभि पटेल की) को पुलिस ने मौके पर ही सीज कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।