{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 'काशी कला कस्तूरी' का स्थापना दिवस समारोह 10 अक्टूबर को, प्रो. अवधेश प्रधान को मिलेगा 'कस्तूरी रत्न सम्मान'

रथयात्रा के कन्हैया लाल स्मृति भवन में आयोजित होगा भव्य समारोह; साहित्यकार डॉ. जितेंद्र मिश्र को प्रथम 'लाइफ टाइम अचीवमेंट' और अलंकृता रॉय को मिलेगा 'उदीयमान कलाकार अवॉर्ड

 

भदैनी मिरर डेस्क। काशी की प्रमुख सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था 'काशी कला कस्तूरी' प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपना स्थापना दिवस और सम्मान समारोह धूमधाम से मनाने जा रही है। यह भव्य आयोजन 10 अक्टूबर 2026 को रथयात्रा स्थित कन्हैया लाल स्मृति भवन में शाम 5:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।

प्रो. अवधेश प्रधान को मिलेगा 'कस्तूरी रत्न सम्मान'

संस्था की संस्थापिका अध्यक्ष डॉ. शबनम ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का प्रतिष्ठित 'कस्तूरी रत्न सम्मान' काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के पूर्व आचार्य एवं मूर्धन्य साहित्यकार प्रो. अवधेश प्रधान को प्रदान किया जाएगा।


 

डॉ. जितेंद्र मिश्र को प्रथम 'लाइफ टाइम अचीवमेंट' अवार्ड


इसके साथ ही संस्था इस वर्ष से अपना पहला "लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड" शुरू कर रही है, जिससे काशी के जाने-माने साहित्यकार और 'सोच विचार' पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. जितेंद्र मिश्र को विभूषित किया जाएगा। वहीं, संगीत के क्षेत्र में उभरती प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायिका अलंकृता रॉय को "उदीयमान कलाकार अवॉर्ड" से सम्मानित किया जाएगा।


समारोह में जुटेंगी काशी की नामचीन हस्तियां

स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आतिथ्य बीएचयू के वाइस चांसलर (VC) प्रो. अजीत चतुर्वेदी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएचयू के उर्दू विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. कमर जहां करेंगी।
विशेष अतिथियों के रूप में बीएचयू ज्योतिष विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय एवं वसंत कॉलेज फॉर विमेन (राजघाट) की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह उपस्थित रहेंगी।


सम्मान सत्र के बाद सजेगी 'शाम-ए-ग़ज़ल'

डॉ. शबनम ने बताया कि औपचारिक सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण सत्र के समापन के उपरांत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 'शाम-ए-ग़ज़ल' मौसिकी के तहत मशहूर कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।