{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में बाढ़ राहत कार्यों पर मंत्री रविंद्र जायसवाल सख्त: बोले- दो दिन में भरे जाएं सड़कों के गड्ढे

सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक; राहत शिविरों में 24 घंटे निर्बाध बिजली, बच्चों को दूध-फल और 35 नावों पर पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश।

 

भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क), वाराणसी: उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर वाराणसी जिले में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।

मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की ओर से मिलने वाली हर सुविधा बाढ़ प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचे। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे बुजुर्गों और बच्चों के लिए विशेष रूप से दूध और फल की नियमित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

सड़कों के गड्ढे 2 दिनों में भरने और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के आदेश

बैठक के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों के गड्ढों को हर हाल में दो दिन के भीतर दुरुस्त किया जाए, ताकि कोई भी नागरिक हादसे का शिकार न हो।

इसके साथ ही उन्होंने बिजली विभाग को हिदायत दी कि राहत शिविरों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बारिश के मौसम में शहर की किसी भी गली में अंधेरा न रहे, सभी स्ट्रीट लाइटें चालू स्थिति में रहें।

35 नावों पर टॉर्च के साथ पुलिस बल तैनात, मेडिकल टीम अलर्ट

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंत्री को जिले की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया:

  • राहत शिविरों की स्थिति: जेपी मेहता इंटर कॉलेज समेत अन्य शिविरों में विस्थापितों के लिए 3 टाइम भोजन, नाश्ता, स्वच्छ पेयजल और 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

  • नावों पर सुरक्षा: प्रभावित क्षेत्रों में 35 नावें लगाई गई हैं, जिन पर सुरक्षा के लिहाज से टॉर्च के साथ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तय की गई है।

  • स्वास्थ्य सेवाएं: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने बताया कि 16 बाढ़ राहत चौकियों पर मेडिकल टीमें तैनात हैं।

  • पशु राहत: जिले की 1 तहसील के 14 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां 692 कैंपों के जरिए पशुओं के लिए आवश्यक दवाएं और चारा वितरित किया जा चुका है।

जेपी मेहता शिविर पहुंचे मंत्री, बच्चों को बांटी चॉकलेट

बैठक के बाद मंत्री रविंद्र जायसवाल जेपी मेहता इंटर कॉलेज स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचे। वहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें खाद्यान्न किट सौंपे। उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद छोटे बच्चों को दुलारते हुए चॉकलेट और दूध का वितरण भी किया।