Varanasi : साइन सिटी के मालिक के खिलाफ FIR, लाखों रुपये हड़पने का आरोप
वाराणसी, भदैनी मिरर। प्लॉट बिक्री के नाम पर लाखों रुपये हड़पने के मामले में साइन सिटी प्राइवेट लिमिटेड के भगोड़े आर्थिक अपराधी मालिक राशिद नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित की शिकायत पर मिर्जामुराद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वर्तमान में शाइन सिटी कंपनी के मालिकों के खिलाफ यूपी में सैकड़ों केस रजिस्टर्ड है। जमीन, प्लाट और निवेश के नाम पर आम जनता को लूटने वाली फ्रॉड कंपनी शाइन सिटी के खिलाफ अब भी एफआईआर दर्ज हो रही है। शाइन सिटी ग्रुप का मुख्य प्रमोटर, निदेशक और अधिकृत हस्ताक्षरी राशिद नसीम विदेश में छुपा है।
10 लाख से अधिक की ठगी का आरोप
रसड़ा (बलिया) निवासी सुभाष चंद्र पांडे ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने राशिद नसीम को आरटीजीएस के जरिए 2.50 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद वर्ष 2019 तक एजेंट कन्हैया लाल जायसवाल के माध्यम से चेक द्वारा करीब 8.03 लाख रुपये और जमा कराए गए। रकम लेने के बावजूद न तो उन्हें प्लॉट दिया गया और न ही पैसा वापस किया गया।
"कंपनी भाग गई है" कहकर एजेंट ने टाल दिया
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने एजेंट से प्लॉट की मांग की तो उन्हें बताया गया कि कंपनी और मालिक फरार हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की कार्रवाई
आयुक्त के आदेश पर मिर्जामुराद पुलिस ने शनिवार को राशिद नसीम और उनकी कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
भगोड़ा घोषित है मालिक
शाइन सिटी केवल पूर्वांचल ही नहीं बल्कि यूपी से लेकर बिहार तक की जनता को ठगा है। पहले इसकी जाँच EOW कर रह रही थी लेकिन बाद में इसकी जाँच प्रवर्तन निदेशालय को सौंप दी गई है। धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में राशिद नसीम के खिलाफ 500 से अधिक मामले दर्ज हैं. करीब तीन साल तक जनता की कमाई लूटने वाला रासिद देश छोड़कर भाग गया। कोर्ट ने उसे अब भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया है।