{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: किन्नर को शादी का झांसा देकर 4 साल तक किया शोषण, लाखों के जेवर और नकदी लेकर आरोपी फरार

लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज; अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी का आरोप

 

भदैनी मिरर, वाराणसी: धर्म नगरी वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक किन्नर ने हुकुलगंज निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर पिछले चार वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये सहित सोने-चांदी के जेवर हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यजमानी के दौरान हुई थी मुलाकात, नशीला पदार्थ पिलाकर किया था गलत काम

पीड़ित किन्नर के अनुसार, कुछ वर्ष पहले यजमानी के दौरान उसकी मुलाकात हुकुलगंज के रहने वाले अंकित कुमार यादव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ने लगी। आरोप है कि करीब चार साल पहले अंकित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम किया।

जब पीड़िता ने इस कृत्य का विरोध किया, तो अंकित ने मंदिर में शादी करने और जीवनभर पति-पत्नी की तरह साथ निभाने का वादा किया। पीड़िता का कहना है कि किन्नर होने के कारण वह पहले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन आरोपी के लगातार दिए जा रहे आश्वसनों और प्यार के जाल में फंसकर उसने अंकित पर भरोसा कर लिया।

भाई की शादी के नाम पर लिए साढ़े चार लाख, दस्तावेज भी हड़पे

आरोप है कि आरोपी अंकित ने विश्वास में लेने के बाद पीड़िता का आर्थिक शोषण करना भी शुरू कर दिया। उसने अपने बड़े भाई की शादी का हवाला देकर पीड़िता से 4.50 लाख रुपये उधार लिए, जिसे बाद में कभी वापस नहीं किया। इसके अलावा, आरोपी ने जरूरी पहचान पत्र [दस्तावेज ओमिटेड] नया बनवाने के बहाने भी कई हजार रुपये ऐंठ लिए।

प्रसाद में नशीला लड्डू खिलाकर नकदी और जेवर लेकर हुआ रफूचक्कर

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीती 20 मई की रात अंकित ने उसे प्रसाद के नाम पर एक लड्डू खिलाया, जिसे खाते ही वह अचेत हो गई। अगली सुबह जब उसकी आंख खुली, तो अंकित घर से गायब था। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, छह अंगूठियां, मांगटीका, बाली, मंगलसूत्र और चांदी की पायल सहित लाखों के जेवरात गायब थे।

सोशल मीडिया पर किया ब्लॉक, अब दे रहा जान से मारने की धमकी

घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को मोबाइल फोन समेत फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉक कर दिया। जब पीड़िता शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो उसके परिजनों ने भी अभद्रता की। आरोप है कि अब अंकित फोन बदलकर अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है और शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पुलिस की कार्रवाई: मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर पांडेयपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अंकित कुमार यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की एक टीम आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।