{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी मुठभेड़: रामनगर में UP ATS और पुलिस के साथ मुठभेड़ में 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू ढेर

लंका मैदान के पास क्रॉस फायरिंग में घायल TPC कमांडर की अस्पताल में मौत; NIA और झारखंड सरकार ने घोषित किया था इनाम

 

वाराणसी, भदैनी मिरर उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) और वाराणसी की रामनगर पुलिस को रविवार भोर में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास हुई भीषण मुठभेड़ में झारखंड का प्रतिबंधित नक्सली संगठन 'तृतीय प्रस्तुति कमेटी' (TPC) का कुख्यात कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता मारा गया। मारे गए नक्सली पर झारखंड सरकार और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की ओर से कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

टेंगरा मोड़ से मुगलसराय जाने वाले रास्ते पर हुई घेराबंदी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 20 सितंबर 2026 की भोर में UP ATS और रामनगर पुलिस को गुप्त सूचना (मुखबिर) मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन TPC का कुख्यात कमांडर बृजेश गंझू अपने एक अन्य साथी के साथ टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ जाने वाला है।

सूचना के आधार पर ATS और स्थानीय पुलिस ने लंका मैदान के पास घेराबंदी की। जब पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो बृजेश गंझू गाड़ी से कूद गया और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

क्रॉस फायरिंग और बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

नक्सली की ओर से की गई अचानक फायरिंग का पुलिस और ATS टीम ने मुंहतोड़ जवाब दिया। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां UP ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगीं, जिससे दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए।

जवाबी कार्रवाई (क्रॉस फायरिंग) में नक्सली कमांडर बृजेश गंझू को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

अस्पताल में घोषित किया गया मृत

घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम घायल बृजेश गंझू को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

30 लाख रुपए का घोषित था इनाम

मारे गए नक्सली की पहचान बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता (पुत्र पंचू गंझू), निवासी ग्राम लूटू, थाना लावालॉन्ग, जनपद चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। वह झारखंड में कई गंभीर नक्सली वारदातों में वांछित था। इसके खिलाफ झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम तो NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

अब, UP ATS और स्थानीय पुलिस फरार साथी की तलाश में आसपास के इलाकों में गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है।