वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर भीषण भिड़ंत: केबिन में फंसा चालक, घंटो से रेस्क्यू जारी
मिर्जामुराद में बड़ा सड़क हादसा: तीन ट्रकों की जोरदार टक्कर में उड़े परखच्चे, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खजूरी चौकी के समीप नेशनल हाईवे (वाराणसी-प्रयागराज मार्ग) पर स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास तीन भारी वाहनों की आपस में भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
डीजल भरवाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वाराणसी से प्रयागराज की दिशा में जा रही गाड़ियों के क्रम में एक ट्रक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए मुड़ने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उनके पीछे आ रहा एक भारी ट्रेलर भी भीषण रफ्तार के साथ दूसरी ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
केबिन में फंसा चालक, 1 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची।
केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद ली। और घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन और कड़ी मशक्कत जारी रखा है।
घायलों को कराया गया भर्ती
हादसे में घायल हुए तीनों व्यक्तियों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।