वाराणसी: DM सत्येन्द्र कुमार ने BHU में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल और हॉस्टल्स का किया औचक निरीक्षण
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में 192 बेड का CCH और 57.66 करोड़ का अय्यर हॉस्टल प्रोजेक्ट जल्द होगा तैयार; शिफ्टवार मजदूर बढ़ाकर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने की हिदायत।
वाराणसी (भदैनी मिरर सूचना विभाग): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में चल रही महत्वाकांक्षी निर्माण परियोजनाओं को गति देने के लिए वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार एक्शन मोड में हैं। रविवार को जिलाधिकारी ने बीएचयू परिसर में निर्माणाधीन 192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (CCH), 1200 सीटों वाले बालिका छात्रावास और 628 सीटों की क्षमता वाले अय्यर छात्रावास का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की जमीनी प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) के अभियंताओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिफ्टवार मजदूरों/श्रमिकों की संख्या में इजाफा किया जाए ताकि काम बिना किसी रुकावट के लगातार चलता रहे और परियोजनाएं समय से जनता व छात्रों को समर्पित की जा सकें।
57.66 करोड़ रुपये से बन रहा अय्यर छात्रावास, क्षमता होगी 628
बीएचयू में छात्रों के लिए आवास सुविधा बेहतर करने के उद्देश्य से ₹57.66 करोड़ की लागत से छात्रावास निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य कराया जा रहा है:
-
परियोजना की क्षमता: इसके तहत 284 दो-सीटर नए कमरों का निर्माण और मौजूदा छात्रावास के 62 कमरों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इससे क्षमता 272 से बढ़कर 628 हो जाएगी।
-
प्रगति और बाधाएं: सीपीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने बताया कि पेड़ों के प्रत्यारोपण (Transplantation), सोलर पैनलों और वार्डन आवास के स्थानांतरण के कारण शुरुआत में कुछ देरी हुई। फिलहाल भौतिक प्रगति 76 प्रतिशत है।
-
नया टेंडर और डेडलाइन: ठेकेदार के खराब प्रदर्शन के कारण पूर्व अनुबंध निरस्त कर नया टेंडर जारी किया गया है। 17 अक्टूबर से जमीनी कार्य तेजी से दोबारा शुरू होगा। एक हॉस्टल और डाइनिंग ब्लॉक 31 दिसंबर 2026 तक पूरा होगा, जबकि बाकी ब्लॉक मार्च और जून 2027 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
192 बेड का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल दिसंबर-जनवरी तक होगा तैयार
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में बन रहे 192 बेड वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (CCH) के संबंध में बताया गया कि साइट संबंधी समस्याओं के कारण इसमें कुछ विलंब हुआ है, लेकिन इसे अगले वर्ष 31 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है।
सीपीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने बताया कि टेस्टिंग और कमीशनिंग प्रक्रिया में तीन सप्ताह लगेंगे। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मैनपावर को दोगुना कर काम को हर हाल में दिसंबर के अंत तक ही पूरा करने का प्रयास किया जाए ताकि पूर्वांचल भर से आने वाले मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जल्द मिल सके।