Varanasi: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बाबा विश्वनाथ और संकटमोचन के दर पर मत्था टेका, नमो घाट पर वायुसेना के 'एयर शो' में PM संग होंगे शामिल
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे है राजनाथ सिंह, संकटमोचन मंदिर में महंत ने प्रसाद देकर किया स्वागत
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अपने दो दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी काशी पहुंचे हैं। वाराणसी आगमन पर उन्होंने सबसे पहले देवाधिदेव महादेव के पावन धाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और देश एवं प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
बाबा विश्वनाथ और हनुमान जी के दरबार में लगाई हाजिरी
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा को महसूस करते हुए मंदिरों में पूजा-अर्चना की। रक्षामंत्री ने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन द्वारा उन्हें अंगवस्त्रम और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात वे संकटमोचन मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने पवनपुत्र हनुमान जी के दर्शन कर देश की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना की। संकटमोचन मंदिर में महंत प्रोफेसर विश्वम्भरनाथ मिश्र ने प्रसाद देकर स्वागत किया।
25 अक्टूबर को नमो घाट पर 'विंग्स OVER गंगा' एयर शो का लेंगे आनंद
रक्षामंत्री का यह दौरा काशी में आयोजित हो रहे भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 25 अक्टूबर को नमो घाट पर आयोजित होने जा रहे इस भव्य एयर शो में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। नमो घाट और मां गंगा की पावन धारा के ऊपर भारतीय वायुसेना के जाबांज फाइटर जेट्स और एरोबैटिक टीमें अपने अदम्य शौर्य, क्षमता और कलाबाजियों का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।